
New Delhi, 10 नवंबर . छठ महापर्व देश के प्रमुख लोकपर्वों में से एक है, जिसे खासतौर पर बिहार, Jharkhand, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल के कुछ हिस्सों में बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है. छठ पूजा की सबसे खास बात यह है कि इसमें उगते सूर्य के साथ-साथ डूबते सूर्य को भी अर्घ्य दिया जाता है.
हिंदू धर्म में सूर्यदेव को प्रत्यक्ष देवता माना गया है. सूर्य से ही पृथ्वी पर प्रकाश, गर्मी और ऊर्जा मिलती है. पेड़-पौधों से लेकर इंसानों और दूसरे जीवों तक, सभी का जीवन सूर्य पर निर्भर करता है. यही वजह है कि प्राचीन समय से ही सूर्य की उपासना करने की परंपरा चली आ रही है. छठ पूजा में डूबते सूर्य को अर्घ्य देना इसी कृतज्ञता और सम्मान की भावना को दर्शाता है.
छठ पर्व को सूर्य षष्ठी, प्रतिहार षष्ठी और डाला छठ के नाम से भी जाना जाता है. यह पर्व कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाता है. इस दौरान व्रती पूरे नियम और श्रद्धा के साथ छठी मैया और सूर्यदेव की पूजा करते हैं.
इस पर्व में तीसरे दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है और अगले दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत पूरा किया जाता है. इस तरह सूर्य के अस्त और उदय, दोनों अवस्थाओं की पूजा की जाती है.
धार्मिक मान्यता के अनुसार, छठी मैया की पूजा करने से परिवार में सुख-समृद्धि आती है और संतान की खुशहाली के लिए उनका आशीर्वाद मिलता है.
छठ पूजा सिर्फ धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति आभार जताने का भी एक खास तरीका है. पुराने समय में लोगों का जीवन खेती और प्रकृति पर निर्भर था. सूर्य की रोशनी फसलों के विकास, मौसम के बदलाव और जलचक्र को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती है. इसलिए सूर्यदेव को धन्यवाद देने की परंपरा भी इस पर्व से जुड़ी हुई है.
–
पीआईएम/एबीएम
Skip to content