चैंपियंस लीग: आर्सेनल ने लिली को 3-0 से हराया, 7 मिनट में दागे तीनों गोल

New Delhi, 14 अक्टूबर . आर्सेनल ने चैंपियंस लीग में अपने शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए लिली पर 3-0 से जीत हासिल की. आर्सेनल ने दूसरे हाफ के सिर्फ सात मिनट में तीन गोल करते हुए करिश्माई अंदाज में मैच अपने नाम किया. टीम की इस सीजन के लीग फेज में यह दूसरी जीत थी.

फ्रेंच टीम लिली ने पहले 45 मिनट में आर्सेनल को बांधे रखा और डिफेंस में कोई बड़ी चूक नहीं की. लेकिन हाफ टाइम के बाद आर्सेनल ने अपना दबाव कई गुना बढ़ा दिया. दूसरे हाफ के शुरुआती 15 मिनट में लिली को अपने हाफ से निकलने का मौका तक नहीं मिला. आखिरकार 64वें मिनट में गतिरोध टूटा. जुरियन टिम्बर ने शानदार व्यक्तिगत गोल किया.

इस गोल के तीन मिनट बाद ही आर्सेनल ने बढ़त दोगुनी कर दी. एक बार फिर टिम्बर ने हाई प्रेस करके गेंद जीती. मार्टिन ओडेगार्ड ने गेंद को आगे बढ़ाया और फिर बुकायो साका के जरिए गेंद एबेरे एजे के पास पहुंची, जिन्होंने बॉक्स के अंदर से सटीक फिनिश किया. 71वें मिनट में आर्सेनल ने तीसरा गोल करते हुए मैच पूरी तरह अपने पक्ष में कर लिया.

यह गोल तीनों सब्स्टीट्यूट का कमाल था. काई हैवर्ट्ज, ओडेगार्ड और साका के बीच शानदार वन-टू हुआ. हैवर्ट्ज ने गेंद साका को लौटाई और साका ने ठंडे दिमाग से गेंद को नीचे के कोने में स्लाइड कर दिया. यह साका का आर्सेनल के लिए 19वां यूरोपीय गोल था. इस आंकड़े के साथ वह क्लब के इतिहास में यूरोप में सबसे ज्यादा गोल करने वालों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. उनसे आगे सिर्फ थियरी हेनरी हैं.

इस जीत के साथ आर्सेनल ने चैंपियंस लीग के लीग फेज में लगातार 14 जीत का रिकॉर्ड बना लिया है. अब वह बायर्न म्यूनिख के 17 जीत के रिकॉर्ड के करीब पहुंच रहा है. अगले हफ्ते आर्सेनल का सामना बायर्न से ही होना है.

–

पीएके