चीनी वैज्ञानिक टीम को एफएओ उपलब्धि पुरस्कार

बीजिंग, 17 अक्टूबर . संयुक्त राष्ट्र खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) ने इटली की राजधानी रोम में विश्व खाद्य मंच के समापन समारोह के दौरान 2026 के एफएओ उपलब्धि पुरस्कार प्रदान किए. इस मौके पर चीनी विज्ञान अकादमी के एयरोस्पेस सूचना अनुसंधान संस्थान को उसके वैश्विक कृषि रिमोट सेंसिंग निगरानी मंच के लिए सम्मानित किया गया.

इस मंच को संस्थान के शोधकर्ता वू पिंगफांग के नेतृत्व वाली टीम ने विकसित किया है. टीम के मुताबिक, यह मंच अब तक 40 से अधिक देशों और क्षेत्रों को कृषि की निगरानी करने और आंकड़ों के आधार पर खाद्य सुरक्षा से जुड़े फैसले लेने में मदद कर चुका है.

पुरस्कार की घोषणा करते हुए एफएओ ने कहा कि इस मंच को जटिल कृषि निगरानी प्रक्रिया को आसान और सुलभ ओपन क्लाउड सेवा में बदलने तथा दुनिया भर में इसकी पहुंच के लिए मान्यता दी गई है.

टीम ने बताया कि इस मंच को एफएओ की ‘हैंड इन हैंड’ कार्य योजना के भू-स्थानिक डेटा प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है. साथ ही, इसे पृथ्वी अवलोकन संगठन के ज्ञान केंद्र में भी शामिल किया गया है. इससे दुनिया भर के उपयोगकर्ताओं को कृषि निगरानी से जुड़ी ताजा जानकारी हासिल करने के लिए एक महत्वपूर्ण माध्यम और स्वतंत्र सूचना स्रोत मिला है.

इसके अलावा, टीम इस मंच के आधार पर नियमित रूप से ‘ग्लोबल एग्रीकल्चरल रिमोट सेंसिंग रिपोर्ट’ भी प्रकाशित करती है. यह रिपोर्ट कृषि से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने का एक विश्वसनीय माध्यम बन गई है. अब तक, इस रिपोर्ट के जरिए 173 देशों और क्षेत्रों को सेवाएं दी जा चुकी हैं.

एफएओ की वेबसाइट के अनुसार, एफएओ उपलब्धि पुरस्कार उन व्यक्तियों और संगठनों को दिए जाते हैं, जिन्होंने मत्स्य पालन, वानिकी, जलवायु, भूमि और जल प्रबंधन, पशु एवं वनस्पति स्वास्थ्य और विशेष रूप से सतत कृषि जैसे प्रमुख क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है.

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

–

एबीएम/