
जमशेदपुर, 24 नवंबर . Jharkhand के जमशेदपुर स्थित टाटा मोटर्स में एक कर्मचारी की मौत के बाद मुआवजे और परिवार के सदस्य को नौकरी देने की मांग को लेकर पिछले चार दिनों से विवाद जारी है. Tuesday को भी आंदोलनकारी और मृतक के परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे. उन्होंने कंपनी के मुख्य गेट, कैंटीन गेट, मटेरियल गेट और साउथ गेट को जाम कर दिया. इससे कंपनी की औद्योगिक गतिविधियां प्रभावित हुईं.
दूसरी ओर, मृतक का शव चार दिनों से अस्पताल में रखा हुआ है. परिजनों ने मांगें पूरी होने तक अंतिम संस्कार नहीं करने का फैसला किया है. मृतक की पहचान टाटा मोटर्स के इंजन डिवीजन में कार्यरत सुबोध पात्रो (59) के रूप में हुई है. Saturday रात करीब 10 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी. परिजनों का कहना है कि 16 मार्च 2026 को ड्यूटी के दौरान तेल पर फिसलने से उनके सिर और कंधे में गंभीर चोट लगी थी. इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई और पिछले करीब छह महीने से उनका आईसीयू में इलाज चल रहा था.
परिजनों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन ने इस दुर्घटना को इंजरी ऑन ड्यूटी (आईओडी) के रूप में दर्ज नहीं किया. उन्हें 18 मार्च को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी. अब परिवार की मांग है कि दुर्घटना को आईओडी घोषित किया जाए और सुबोध पात्रो के बेटे को कंपनी में नौकरी दी जाए. Tuesday को सिटी डीएसपी कंपनी के मुख्य गेट पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से बातचीत कर उचित पहल का आश्वासन दिया. इसके बाद श्रम विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में मृतक के परिजनों के साथ करीब दो घंटे तक वार्ता हुई.
हालांकि, दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी. इसके बाद आंदोलनकारियों ने कंपनी के चारों गेट जाम कर दिए. आंदोलन में मजदूर नेता बंटी सिंह के समर्थक भी सक्रिय हैं. इससे पहले कंपनी प्रबंधन, परिजनों और टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक में प्रबंधन ने सेवानिवृत्ति मद में करीब 72 लाख रुपये और भविष्य निधि (पीएफ) में शेष पांच लाख रुपये सहित कुल लगभग 77 लाख रुपए के भुगतान की जानकारी दी थी.
पीएफ की करीब 26 लाख रुपए की राशि पहले ही निकाली जा चुकी थी. प्रबंधन का कहना है कि परिवार को नियमानुसार देय राशि और अन्य सुविधाएं दी जाएंगी. हालांकि, परिजनों का कहना है कि सेवानिवृत्ति लाभ और पीएफ कर्मचारी का अधिकार है. उनकी मांग इन भुगतानों से अलग है. वे दुर्घटना को आईओडी (इंज्यूरी ऑन ड्यूटी) के रूप में दर्ज करने और बेटे को अनुकंपा के आधार पर नौकरी की मांग पर रहे हैं.
कंपनी प्रबंधन ने पूर्व में सुबोध पात्रो की मौत का कारण गंभीर मधुमेह बताया था. प्रबंधन के अनुसार, घटना वाली रात उनका ब्लड शुगर लेवल गिरकर 30 तक पहुंच गया था. वहीं, परिजन ड्यूटी के दौरान हुई दुर्घटना में लगी चोटों को उनकी मौत से जोड़ रहे हैं. फिलहाल चार दिनों से जारी गतिरोध के कारण कंपनी परिसर के बाहर तनाव बना हुआ है. श्रम विभाग और प्रबंधन की ओर से समाधान की कोशिशों के बावजूद कोई सहमति नहीं बन पाई है.
–
एसएनसी/डीकेपी
Skip to content