चतरा में छठ महापर्व की धूम, सज-धजकर तैयार हुए घाट, आज डूबते सूर्य को दिया जाएगा पहला अर्घ्य

चतरा, 15 नवंबर . Jharkhand के चतरा जिले में लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर उत्साह और भक्तिमय माहौल बना हुआ है. घाटों पर रोशनी, सजावट और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं. वहीं, आज छठ महापर्व के तीसरे दिन व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे.

छठ पूजा को लेकर चतरा शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है. छठ घाटों पर साफ-सफाई के साथ रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट की गई है. घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को भी व्यवस्थित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं. पहले अर्घ्य को लेकर घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है.

छठ महापर्व के अवसर पर शहर के विभिन्न घाटों पर Chief Minister हेमंत सोरेन के बैनर और पोस्टर भी लगाए गए हैं. सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से लगाए गए इन बैनरों के माध्यम से लोगों को छठ पर्व की शुभकामनाएं दी गई हैं. बैनर पर लिखा है, “छठ महापर्व के शुभ अवसर पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं एवं जोहार.”

इन बैनरों के जरिए राज्यवासियों को महापर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी गई हैं. घाटों के चारों तरफ सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिससे लोगों को परेशानी न हो, वहीं कई रास्तों को भी बंद किया गया है.

गौरतलब है कि महापर्व को लेकर जिले भर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. छठ महापर्व के तीसरे दिन आज व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे. इस दौरान व्रती नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में खड़े होकर भगवान सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य देंगे. साथ ही छठी मैया और भगवान सूर्य से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली, स्वास्थ्य और शांति की कामना करेंगे.

घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है. व्रती पूरी नियम-निष्ठा और श्रद्धा के साथ इस कठिन व्रत का पालन कर रहे हैं. आज शाम होने वाले पहले अर्घ्य को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है. वहीं, कल सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा.

–

एएस