चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति के खिलाफ टाटा ट्रस्ट्स पहुंचा हाईकोर्ट, 65 करोड़ रुपए के हर्जाने की मांग की

New Delhi, 26 नवंबर . टाटा ट्रस्ट्स ने टाटा संस के चेयरमैन के रूप में एन. चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को चुनौती देते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट में कानूनी कार्रवाई शुरू करने की मंजूरी दी है. ट्रस्ट्स ने बोर्ड के फैसले को अमान्य घोषित करने और 65 करोड़ रुपए के हर्जाने की मांग की है. यह जानकारी एक रिपोर्ट में दी गई है.

एनडीटीवी प्रॉफिट ने सूत्रों के हवाले से बताया कि सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (एसडीटीटी) और रतन टाटा ट्रस्ट (आरडीटीटी) ने 25 नवंबर को सर्कुलर प्रस्तावों के जरिए प्रस्तावित कानूनी कार्रवाई को मंजूरी दी.

रिपोर्ट के अनुसार, ट्रस्ट्स 17 सितंबर को टाटा संस के बोर्ड द्वारा चंद्रशेखरन को 21 फरवरी, 2027 से शुरू होने वाले अगले पांच साल के कार्यकाल के लिए दोबारा नियुक्त करने के फैसले की वैधता को चुनौती देना चाहते हैं.

उन्होंने कंपनी को इस नियुक्ति को लागू करने या अपने एसोसिएशन के आर्टिकल्स में निर्धारित सकारात्मक मत हासिल किए बिना कोई प्रस्ताव पारित करने से रोकने के लिए निषेधाज्ञा की भी मांग की है.

रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रस्ट्स ने एसडीटीटी के माध्यम से 50 करोड़ रुपए और आरडीटीटी के जरिए 15 करोड़ रुपए के हर्जाने की मांग की है. इसके अलावा 18 प्रतिशत ब्याज की भी मांग की गई है.

यह विवाद टाटा संस के एसोसिएशन ऑफ आर्टिकल्स के अनुच्छेद 121 को लेकर है. ट्रस्ट्स का तर्क है कि इसके तहत बोर्ड के कुछ विशेष फैसलों के लिए टाटा ट्रस्ट्स की ओर से नामित निदेशकों के बहुमत की सहमति अनिवार्य है.

चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को 17 सितंबर को बोर्ड ने बहुमत से मंजूरी दी थी.

नोएल टाटा ने इस प्रस्ताव का विरोध किया था, जबकि टाटा ट्रस्ट्स की ओर से नामित एक अन्य निदेशक वेणु श्रीनिवासन ने इसका समर्थन किया था. इससे पहले आई रिपोर्टों के अनुसार, बैठक की अध्यक्षता कर रहे स्वतंत्र निदेशक हरीश मनवानी ने अपने कास्टिंग वोट का इस्तेमाल करते हुए प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया था.

ट्रस्ट्स का कहना है कि कास्टिंग वोट अनुच्छेद 121 के तहत अनिवार्य सकारात्मक मतदान की शर्त को दरकिनार नहीं कर सकता और इसलिए यह प्रस्ताव अमान्य है.

इस ताजा कदम से India के सबसे बड़े कारोबारी समूह में नेतृत्व और कॉरपोरेट गवर्नेंस को लेकर चल रहा विवाद और बढ़ गया है.

प्रस्तावित कानूनी कार्रवाई से पहले नोएल टाटा ने श्रीनिवासन की दोबारा नियुक्ति की प्रक्रिया में भागीदारी को लेकर चिंता जताई थी.

26 अक्टूबर को टाटा संस के कंपनी सचिव सुप्रकाश मुखोपाध्याय को लिखे पत्र में नोएल टाटा ने सवाल उठाया था कि क्या बोर्ड को टीवीएस मोटर कंपनी और हन्नो वन वेयरहाउसिंग के बीच कारोबारी लेन-देन के बारे में पर्याप्त जानकारी दी गई थी. हन्नो वन वेयरहाउसिंग का संबंध चंद्रशेखरन की पत्नी ललिता और बेटे प्रणव से बताया जाता है.

–

एबीएस