घाटावाली माताजी किसान उत्पादक कंपनी बनी सशक्तिकरण की मिसाल

उदयपुर। छोटे-छोटे प्रयास जब मेहनत, दृढ़ संकल्प और सामूहिक सहभागिता के साथ आगे बढ़ते हैं, तो वे सफलता की मिसाल बन जाते हैं। इसका उदाहरण है घाटावाली माताजी किसान उत्पादक कंपनी, जो किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी के जरिए ग्रामीण क्षेत्र में एक मजबूत व्यावसायिक संस्था के रूप में अपनी पहचान बना रही है। कंपनी बायफ एवं हिन्दुस्तान जिंक के सहयोग से संचालित समाधान परियोजना के अंतर्गत कार्य कर रही है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में कंपनी 16 गांवों में 1,291 शेयरधारकों के साथ अपनी गतिविधियां संचालित कर रही है। कंपनी में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय है और कुल शेयरधारकों में करीब 70 प्रतिशत महिलाएं हैं।

कंपनी की वार्षिक आम सभा में वर्षभर की गतिविधियों, उपलब्धियों, वित्तीय प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी शेयरधारकों के समक्ष प्रस्तुत की गई।

3.03 करोड़ रुपये का टर्नओवर, 16.02 लाख रुपये का लाभ

घाटावाली माताजी किसान उत्पादक कंपनी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान करीब 3.03 करोड़ रुपये का टर्नओवर हासिल किया और लगभग 16.02 लाख रुपये का लाभ अर्जित किया।

कंपनी कृषि एवं संबद्ध उत्पादों के विपणन के साथ किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। वार्षिक आम सभा में कंपनी का वार्षिक लेखा-जोखा, वित्तीय विवरण, टर्नओवर, लाभ और व्यावसायिक प्रगति शेयरधारकों के समक्ष साझा की गई। इससे कंपनी के संचालन में पारदर्शिता, जवाबदेही और शेयरधारकों की भागीदारी को मजबूती मिली।

चार वर्षों में छह गुना बढ़ा कारोबार

कार्यक्रम में बायफ के रीजनल डायरेक्टर सुरेंद्र वरडिया ने कंपनी की विकास यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में घाटावाली माताजी किसान उत्पादक कंपनी ने उल्लेखनीय प्रगति की है। इस अवधि में कंपनी का कारोबार करीब छह गुना बढ़ा है, जबकि कंपनी के शेयर मूल्य में करीब तीन गुना वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसानों की सामूहिक भागीदारी, बेहतर प्रबंधन तथा बायफ और हिन्दुस्तान जिंक के निरंतर सहयोग का परिणाम है।

‘गौअम’ ब्रांड से दुग्ध उत्पादों को नई पहचान

कंपनी की ओर से ‘गौअम’ ब्रांड के माध्यम से विभिन्न दुग्ध उत्पादों का विपणन किया जा रहा है। इसके तहत पनीर, दही, घी सहित अन्य दुग्ध उत्पाद उपभोक्ताओं तक पहुंचाए जा रहे हैं।

कंपनी उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने, उपभोक्ताओं तक बेहतर उत्पाद पहुंचाने और बाजार का विस्तार करने पर विशेष ध्यान दे रही है। ‘गौअम’ ब्रांड की बढ़ती लोकप्रियता कंपनी के दुग्ध व्यवसाय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे किसानों के उत्पादों को संगठित बाजार उपलब्ध कराने में भी मदद मिल रही है।

कंपनी का ताज ग्रुप के साथ व्यावसायिक जुड़ाव भी है। इसके माध्यम से कंपनी को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार और नए व्यावसायिक अवसर मिल रहे हैं। यह साझेदारी किसान उत्पादक कंपनी के कारोबार को मजबूत करने और किसानों को बेहतर बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ज्वाइंट डायरेक्टर एग्रीकल्चर सुधीर वर्मा ने किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न कृषि एवं किसान कल्याण योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को सरकार की योजनाओं, अनुदान और कृषि सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

वर्मा ने कहा कि सरकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ लेने के लिए पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और संबंधित विभागों के साथ समन्वय की जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने और उपलब्ध सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेकर कृषि एवं पशुपालन गतिविधियों को अधिक लाभकारी बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने वाली सरकारी योजनाओं की पुस्तिका भी किसानों और शेयरधारकों के बीच वितरित की गई।

अगले वित्तीय वर्ष में 3.78 करोड़ रुपये टर्नओवर का लक्ष्य

कंपनी ने आगामी वित्तीय वर्ष के लिए करीब 3.78 करोड़ रुपये के टर्नओवर का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके साथ ‘गौअम’ ब्रांड के उत्पादों के बाजार विस्तार, नए बाजारों से जुड़ाव, किसानों की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने तथा कृषि एवं पशुपालन आधारित व्यवसायों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

किसानों और महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने किसान उत्पादक कंपनी को और मजबूत बनाने, किसानों की आय बढ़ाने, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा किसानों को बेहतर बाजार, आधुनिक कृषि तकनीक और कृषि सेवाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि ज्वाइंट डायरेक्टर एग्रीकल्चर सुधीर वर्मा, असिस्टेंट डायरेक्टर सीमा झगड़ावत, बायफ के रीजनल डायरेक्टर सुरेंद्र वरडिया, देबारी सीएसआर हेड रुचिका चावला, बायफ स्टेट हेड पवन पाटीदार सहित कंपनी के बोर्ड सदस्य और बड़ी संख्या में शेयरधारक उपस्थित रहे।