घरेलू मैदान पर भारत के लिए कठिन रही सीरीज, वेस्टइंडीज को खुद पर गर्व होना चाहिए: अभिषेक नायर

New Delhi, 18 अक्टूबर . India के पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर ने कहा कि टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच ट्रॉफी साझा करना एक कड़े मुकाबले वाली सीरीज का बिल्कुल सही अंत है. उन्होंने तर्क दिया कि अगर विजेता तय करने के लिए मैच को घटाकर 9 ओवर का कर दिया जाता, तो यह फैसला करने का एक अनुचित तरीका होता.

Saturday को Bengaluru में खेले गए सीरीज का आखिरी और निर्णायक मैच बारिश की भेंट चढ़ा. मुकाबले में सिर्फ 7.4 ओवर का ही खेल हो सका. लगातार होती तेज बारिश के चलते आखिर में अंपायर्स को मैच को रद्द करने का फैसला लेना पड़ा. इसके साथ ही, दोनों टीमों के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म हुई.

नायर ने ‘जियोस्टार’ से कहा, “जिस तरह से यह सीरीज आगे बढ़ी है, उसे देखते हुए मुझे लगता है कि 2-2 का नतीजा बिल्कुल सही है, क्योंकि दोनों टीमों ने बहुत अच्छा क्रिकेट खेला. ट्रॉफी किसके पास जाएगी अगर यह तय करने के लिए मैच को 9 ओवर का कर दिया जाता, तो यह इस सीरीज के लिए बहुत दुर्भाग्यपूर्ण होता.”

पांचवें टी20 मैच से पहले दोनों टीमों ने 2-2 जीत दर्ज की थीं, जिससे सीरीज ऐसे मोड़ पर आ गई थी जहां आखिरी मुकाबला ही यह तय करने वाला था कि ट्रॉफी किसके नाम होगी. हालांकि, Bengaluru के मौसम ने दोनों टीमों को मैदान पर मुकाबला पूरा करने का मौका नहीं दिया. ऐसे में, नायर ने रद्द हुए फाइनल मैच के बजाय सीरीज के पिछले मैचों में किए गए प्रदर्शन पर बात की.

उन्होंने आगे कहा, “यह कहना सही होगा कि दोनों टीमों ने अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेला है. सीरीज का 2-2 से खत्म होना यह दिखाता है कि दोनों टीमों ने कितना अच्छा खेल दिखाया है और India के लिए अपने घरेलू मैदान पर यह कितनी कठिन सीरीज रही है. वेस्टइंडीज को खुद पर गर्व होना चाहिए, क्योंकि जब वे यहां आए थे, तो ऐसा लग रहा था कि India उन्हें आसानी से हरा देगा. भले ही 7 ओवर के खेल में India को अपनी जीत की उम्मीद रही होगी, लेकिन मुझे लगता है कि एक अच्छी सीरीज का यह बिल्कुल सही अंत है.”

वेस्टइंडीज के सामने परिचित परिस्थितियों में एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी का सामना करने की चुनौती थी, लेकिन उन्होंने 2 मैच जीतकर यह सुनिश्चित किया कि सीरीज का फैसला आखिरी मैच तक हो सके.

–

एसएम/एएस