ग्रेटर नोएडा में अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 14 दोपहिया वाहन बरामद

ग्रेटर नोएडा, 7 सितंबर . ग्रेटर नोएडा में सूरजपुर थाने की Police ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. Police ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की 12 मोटरसाइकिल और 2 स्कूटी, यानी कुल 14 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं. बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है. इसके अलावा Police ने दो आरोपियों के कब्जे से दो अवैध चाकू भी बरामद किए हैं.

Police के मुताबिक, यह कार्रवाई 6 सितंबर को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से की गई. सूरजपुर Police ने चारों आरोपियों को गुलिस्तानपुर अंडरपास से एलजी कंपनी की तरफ जाने वाली सड़क से गिरफ्तार किया. आरोपियों की पहचान शिवम उर्फ शूटर, अभिषेक, अजीत कुमार और गौरव कुमार के रूप में हुई है.

Police जांच में सामने आया है कि आरोपी एक अंतर्राज्यीय गिरोह के तौर पर काम करते थे. गिरोह के सदस्य दिल्ली, एनसीआर के साथ-साथ नोएडा और ग्रेटर नोएडा के अलग-अलग इलाकों में घूमकर दोपहिया वाहनों की रेकी करते थे. इसके बाद मौका देखकर मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी कर लेते थे. चोरी किए गए वाहनों को तत्काल बेचने के बजाय आरोपी उन्हें एक सुनसान स्थान पर छिपाकर रखते थे.

Police के अनुसार, आरोपियों ने चोरी की मोटरसाइकिलों को मोजरवियर गोलचक्कर से आगे सर्विस रोड पर रेलवे पुल के पास बने कच्चे रास्ते और जंगल में छिपाकर रखा था. जब वाहन बेचने का मौका मिलता था, तब जरूरत के हिसाब से उन्हें अलग-अलग स्थानों पर बेच दिया जाता था. Police का कहना है कि आरोपियों ने चोरी के वाहनों को एक जगह इकट्ठा कर रखा था, ताकि Police की नजर से बचते हुए बाद में उन्हें ठिकाने लगाया जा सके. इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और स्थानीय सूचना के आधार पर Police टीम ने गिरोह तक पहुंच बनाई और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपियों में 24 वर्षीय शिवम उर्फ शूटर मूल रूप से राजधानी पार्क, नांगलोई दिल्ली का रहने वाला है और वर्तमान में सुत्याना गांव, थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में रह रहा था. 18 वर्षीय अभिषेक बदायूं जिले के टुकरी गांव का निवासी है और वर्तमान में हबीबपुर में रह रहा था. वहीं 23 वर्षीय अजीत कुमार बिहार के समस्तीपुर जिले के रघुनाथपुर गांव का रहने वाला है और वर्तमान में हबीबपुर, थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में रह रहा था. चौथा आरोपी 19 वर्षीय गौरव कुमार कुलेसरा, थाना ईकोटेक-3, गौतमबुद्धनगर का निवासी बताया गया है.

Police ने आरोपियों की निशानदेही पर 12 चोरी की मोटरसाइकिल और 2 स्कूटी बरामद की हैं. इन सभी वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई है. इसके अलावा आरोपी शिवम और अजीत के कब्जे से एक-एक अवैध चाकू बरामद हुआ है. Police ने इस मामले में सूरजपुर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. Police अब बरामद किए गए वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है कि इनमें से कितने वाहन दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे.

Police के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वाहन चोरी और अन्य आपराधिक मामलों से जुड़े मुकदमे भी सामने आए हैं. इनमें थाना ईकोटेक-3, गौतमबुद्धनगर में, थाना कविनगर, कमिश्नरेट गाजियाबाद में तथा थाना सूरजपुर में मुकदमा दर्ज है. सूरजपुर के मुकदमे में बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत भी कार्रवाई की गई है.

पीकेटी/डीकेपी