ग्रेटर नोएडा: खाद्य विभाग ने खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे

ग्रेटर नोएडा, 16 अक्टूबर . शारदीय नवरात्रि पर्व को देखते हुए गौतमबुद्धनगर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और लोगों को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान तेज कर दिया है.

जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने 15 अक्टूबर की देर रात तक और 16 अक्टूबर को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई एवं नमकीन निर्माण इकाइयों, ऑनलाइन डिलीवरी स्टोर और खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की.

इस दौरान कुल 10 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं. वहीं, लेबलिंग में अनियमितताएं मिलने पर खाद्य सामग्री सीज करने के साथ ही साफ-सफाई में कमी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए.

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के मद्देनजर विभाग की टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं. अभियान का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई करना है.

खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार और रितु सक्सेना की टीम ने सेक्टर-63, सेक्टर-67 तथा सेक्टर-68 स्थित मिठाई एवं नमकीन निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया. इस दौरान खोया का एक नमूना और नमकीन में इस्तेमाल किए जाने वाले टकाटक मसाले का एक नमूना संग्रहित किया गया. दोनों नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की जा रही है.

खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने दादरी स्थित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म प्रोजो के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया. यहां से वैद्यनाथ शहद के अलग-अलग बैच के दो नमूने लिए गए. विभाग के अनुसार, संबंधित उत्पादों पर उपयोग की अंतिम तिथि यानी यूज-बाय डेट अथवा एक्सपायरी डेट अंकित नहीं थी. इसके अलावा लेबलिंग में भी अनियमितताएं पाई गईं. इन कारणों से संबंधित खाद्य सामग्री को सीज कर दिया गया.

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह और अमर बहादुर सरोज की टीम ने ईकोटेक-1 स्थित डोमिनोज पिज्जा की बेस किचन का निरीक्षण किया. यहां से रिफाइंड सोयाबीन ऑयल के खुले और पैक दोनों प्रकार के नमूने, पनीर तथा वेज मोमोज के नमूने लिए गए. निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई और स्वच्छता की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली. इस पर संबंधित प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी किया गया.

खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय बहादुर पटेल और विशाल गुप्ता की टीम ने नोएडा के सेक्टर-44 स्थित स्विगी इंस्टामार्ट तथा सेक्टर-142 स्थित बिग बॉस्केट स्टोर का निरीक्षण किया. यहां साफ-सफाई और स्वच्छता संतोषजनक नहीं पाए जाने के साथ आवश्यक अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं किए गए. इस पर दोनों प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया गया.

वहीं, मेरठ से आए खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्येंद्र तोमर की टीम ने ग्रेटर नोएडा के तुगलपुर स्थित जेप्टो स्टोर का निरीक्षण किया. यहां से भुने चने का एक नमूना संग्रहित किया गया. प्रतिष्ठान पर साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली और आवश्यक अभिलेख भी मौके पर उपलब्ध नहीं कराए गए. इस पर संबंधित स्टोर को नोटिस जारी किया गया.

खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार और विजय बहादुर पटेल की टीम ने नॉलेज पार्क-3 स्थित फ्लिपकार्ट स्टोर का निरीक्षण किया. यहां से सरसों के तेल का एक नमूना लिया गया. इसके साथ ही लेबल पर बैच नंबर, पैकिंग तिथि और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं होने के कारण लगभग 40 किलोग्राम सरसों के तेल को सीज कर दिया गया.

विभाग की ओर से खाद्य सामग्री की लेबलिंग और निर्धारित मानकों के अनुपालन को लेकर कार्रवाई की गई. खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य सामग्री विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे खाद्य पदार्थ केवल खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत लाइसेंस प्राप्त या पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही खरीदें. प्रत्येक खरीद का बिल लेना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें.

खाद्य सामग्री प्राप्त करते समय उसकी निर्माण तिथि, बैच नंबर, उपयोग की अंतिम तिथि और लेबल पर दर्ज अन्य आवश्यक जानकारियों की जांच करें. इसके बाद ही सामग्री को उपभोक्ताओं को बेचें. सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में आगे भी इसी तरह जांच अभियान चलाया जाएगा. खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

–

पीकेटी/एएसएच