गोवर्धन में आरएसएस का भव्य पथ संचलन, 12 किमी तक गूंजे जय श्रीराम के नारे

मथुरा, 25 अक्टूबर . उत्तर प्रदेश में मथुरा के गोवर्धन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवकों ने भव्य पथ संचलन निकाला. ब्रज प्रांत के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया. करीब 12 किलोमीटर लंबे गिरिराज परिक्रमा मार्ग पर निकले इस संचलन में संघ के घोष दल ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया.

पथ संचलन गोवर्धन के प्रमुख मार्गों और परिक्रमा मार्ग से होकर गुजरा. इस दौरान ‘जय श्री राम’ और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा. स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने जगह-जगह स्वयंसेवकों का स्वागत किया. कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा की और स्वयंसेवकों को फूल-मालाएं पहनाईं. आयोजन के दौरान जल सेवा और जलपान की व्यवस्था भी की गई.

पथ संचलन में संघ के घोष दल की विशेष भूमिका रही. घोष दल के स्वयंसेवकों ने आनक, पणव, वंश, श्रृंग और झाल जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों का लयबद्ध वादन किया. पूर्ण गणवेश में हजारों स्वयंसेवक एक साथ कदमताल करते हुए आगे बढ़े. घोष की धुनों ने आयोजन को आकर्षक स्वरूप दिया और परिक्रमा मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा.

इस आयोजन में ब्रज प्रांत के विभिन्न विभागों और जिलों से स्वयंसेवकों ने भाग लिया. इनमें मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन, आगरा, अलीगढ़, बरेली, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, कासगंज, हाथरस, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत समेत कई क्षेत्रों के स्वयंसेवक शामिल रहे. संचलन के दौरान स्वयंसेवकों ने अनुशासन और सामूहिक सहभागिता का परिचय दिया.

कार्यक्रम के समापन पर संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि पथ संचलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि अनुशासन, बंधुत्व, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है.

गोवर्धन की पवित्र भूमि पर आयोजित इस 12 किलोमीटर लंबे पथ संचलन में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की भागीदारी देखने को मिली. आयोजन के दौरान स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को विशेष स्वरूप प्रदान किया.

महावीर जी शारिरिक प्रमुख ने कहा कि संघ के सौ साल पूरे होने पर हम शाताब्दी वर्ष मना रहे हैं. इसी के तहत हम लोग विभिन्न विभिन्न कार्यक्रम कर रहे हैं. हम लोगों ने विजयदशमी से शुरू करके अनेको अनेको कार्यक्रम किए हैं. इसका समापन यहां किया जा रहा है. हमारे कुछ लोगों ने ब्रज प्रांत में समापन का आयोजन किया है. 12 किलोमीटर के अनुशासित संचलन किया जा रहा है.

–

पीएम