गोल्फ: प्रणवी उर्स ने 2026 चाइना चैंपियनशिप में ‘कट’ पार किया

शेनझेन (चीन), 6 नवंबर . प्रणवी उर्स ने अपने दूसरे नौ होल में लगातार पार स्कोर करते हुए कट में जगह बनाई और ‘चाइना चैंपियनशिप 2026’ के आखिरी दो राउंड में खेलने का मौका हासिल कर लिया है.

चीन के शेनझेन स्थित मिशन हिल्स चाइना में जारी प्रतियोगिता के पहले दिन ईवन-पार 73 का स्कोर करने वालीं प्रणवी ने दूसरे दिन एक अंडर-पार 72 का स्कोर किया. इस तरह दो राउंड के बाद उनका कुल स्कोर एक अंडर-पार रहा, जिससे उन्होंने कट पार कर वीकेंड के मुकाबलों में जगह सुनिश्चित कर ली.

एशियन गेम्स की विजेता और पिछले महीने विमेंस इंडियन ओपन में चौथे स्थान पर रहने वालीं प्रणवी उर्स अभी टी-58 (संयुक्त 58वें) स्थान पर हैं. उनके पास वीकेंड के दौरान अपनी रैंकिंग में सुधार करने का मौका है.

प्रणवी ने ‘बैक नाइन’ (अंतिम नौ होल्स) की शुरुआत 10वें और 11वें होल पर ‘बर्डी’ के साथ की, लेकिन 12वें और 14वें होल पर उन्होंने ये बढ़त गंवा दी. इसके बाद, ‘पार-5’ वाले 18वें होल पर ‘बर्डी’ लगाकर एक शॉट वापस हासिल किया और फिर बाकी होल्स पर ‘पार’ स्कोर किया.

इस टूर्नामेंट में ‘कट’ 1-अंडर पर रहा, जिसके चलते 67 खिलाड़ियों ने चाइना चैंपियनशिप के अंतिम दो दिनों के मुकाबलों में जगह बनाई.

36 होल्स के बाद, चीन की लीकी जेंग 12-अंडर-पार के स्कोर के साथ सबसे आगे हैं. 20 वर्षीय खिलाड़ी ने ‘वर्ल्ड कप कोर्स’ पर पहले दिन 65 (-8) का स्कोर किया था, और दूसरे दिन 69 (-4) का स्कोर हासिल किया.

जेंग ने अपने राउंड की शुरुआत 10वें होल पर ‘ईगल’ के साथ की और 13वें होल पर दिन की अपनी पहली ‘बर्डी’ लगाई. चीनी स्टार ने चौथे होल पर एक शॉट गंवाया, लेकिन फिर छठे और सातवें होल पर लगातार ‘बर्डी’ हासिल कीं. नौवें होल पर उन्होंने फिर एक शॉट गंवाया, जिससे उनका राउंड 69 (-4) पर समाप्त हुआ और वह 12-अंडर-पार के स्कोर के साथ बढ़त पर हैं.

छह खिलाड़ी दूसरे स्थान पर हैं. इनमें इंग्लैंड की चार्लोट हीथ, मिमी रोड्स और एनाबेल फुलर; चीन की शियुआन झोउ; और स्पेन की लूना सोब्रोन गैल्मेस और एना पेलाएज ट्रिविनो शामिल हैं, जो सभी 11-अंडर-पार पर हैं.

सोलहेम कप विजेता रोड्स ने अपने दूसरे राउंड में 68 (-5) का स्कोर किया. इस दौरान उन्होंने कोई ‘बोगी’ नहीं लगाई और दूसरे, आठवें, नौवें, 11वें और 18वें होल पर ‘बर्डी’ हासिल कीं. 16 वर्षीय स्थानीय स्टार झोउ ने 66 (-7) का राउंड खेला, जिसमें आठ बर्डी और एक बोगी शामिल थी.

स्पेन की पेलाएज ट्रिविनो का दिन भी शानदार रहा, जिन्होंने 12वें होल पर अपनी पहली बर्डी लगाई और फिर 18वें होल पर ‘ईगल’ हासिल किया. इसके बाद, एलईटी विजेता ने पहले से चौथे होल तक लगातार चार बर्डी लगाईं और 66 (-7) का राउंड पूरा किया.

इंग्लैंड की फुलर ने अपने राउंड के दौरान पांच बर्डी लगाईं और दो बोगी कीं.

इंग्लैंड की हीथ का दिन भी कुछ ऐसा ही रहा; उन्होंने पांच बर्डी लगाईं और दो शॉट गंवाए. 36 होल के बाद वह लीडर से एक स्ट्रोक पीछे हैं. स्पेन की सोब्रोन गैल्मेस ने सात बर्डी और एक बोगी के साथ 67 (-6) का राउंड खेला और संयुक्त रूप से दूसरे (टी2) स्थान पर आ गईं.

चीन की एमेच्योर खिलाड़ी युजी लियू ने दूसरे दिन 70 (-3) का राउंड खेला और 10-अंडर-पार के स्कोर के साथ अकेले आठवें स्थान पर हैं. चेकिया की सारा कौस्कोवा और मौजूदा चैंपियन रुइक्सिन लियू 9-अंडर-पार के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से नौवें स्थान पर हैं.

–

आरएसजी