
बंजुल, 8 नवंबर . गाम्बिया में सिका और अल्ब्रेडा के पास एक नाव में आग लगने के बाद कुल 101 प्रवासियों को बचाया गया. गाम्बिया इमिग्रेशन डिपार्टमेंट (जीआईडी) ने एक बयान में इसकी पुष्टि की.
सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, इस बचाव अभियान में जीआईडी की माइग्रेशन मैनेजमेंट और बॉर्डर पेट्रोल यूनिट्स, गाम्बिया रेड क्रॉस सोसाइटी, गाम्बिया फायर एंड रेस्क्यू सर्विसेज और गाम्बिया नेवी ने हिस्सा लिया.
बचाए गए लोगों में 72 सेनेगल, 27 गाम्बिया और 2 गिनी के नागरिक शामिल थे. बयान के अनुसार सभी पुरुष थे, जिनमें 5 नाबालिग भी थे.
जीआईडी के मुताबिक, बयान जारी होने के समय बचाए गए 14 लोग एसाउ हेल्थ सेंटर में इलाज करा रहे थे. वहीं, दो अन्य लोगों को अल्ब्रेडा हेल्थ सेंटर में इलाज कराने के बाद छुट्टी दे दी गई थी और वे जांच में अधिकारियों की मदद कर रहे थे.
इससे पहले, 28 सितंबर को उत्तरी फ्रांस के तट पर एक टैक्सी-बोट के डूबने से तीन प्रवासियों की मौत हो गई थी. स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी थी.
फ्रांसीसी ब्रॉडकास्टर ‘फ्रांस इन्फो’ के अनुसार, पा-द-काले क्षेत्र के विसां तट के पास हुई इस घटना के दौरान नाव में 105 लोग सवार थे. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीन लोगों की मौत हुई, जबकि चार लोग मामूली रूप से घायल हुए.
‘फ्रांस इन्फो’ ने समुद्री प्रशासन के हवाले से बताया कि इंग्लिश चैनल पार कराने के लिए मानव तस्करों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली नावों का आकार पिछले कुछ वर्षों में बढ़ा है. 2021 में जहां इनकी औसत क्षमता 26 लोगों की थी, वहीं 2026 की शुरुआत से यह बढ़कर 65 लोगों तक पहुंच गई है.
छोटी नावों के जरिए अवैध प्रवासियों का इंग्लिश चैनल पार कर ब्रिटेन पहुंचना, ब्रिटेन और फ्रांस के संबंधों में एक बड़ा मुद्दा बन गया है. स्काई न्यूज के अनुसार, 23 सितंबर को छोटी नावों से चैनल पार करके 781 प्रवासी ब्रिटेन पहुंचे, जो इस साल एक ही दिन में पहुंचने वालों की सबसे बड़ी संख्या थी.
इसी साल अगस्त में, इटली की गैर-सरकारी संस्था ‘इमरजेंसी’ द्वारा संचालित एक मानवीय जहाज ने लीबिया के तट के पास अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में 50 प्रवासियों को बचाया, जबकि सात लोगों के शव बरामद किए गए. संस्था ने बताया कि उसके जहाज ने प्रवासियों को एक दो-मंजिला लकड़ी की नाव पर पाया और बचाव अभियान चलाकर जीवित बचे लोगों को अपने जहाज पर सुरक्षित पहुंचाया.
संस्था ने प्रवासियों की राष्ट्रीयताओं या घटना की परिस्थितियों के बारे में कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दी. लीबिया उन प्रमुख देशों में से एक है, जहां से प्रवासी यूरोप पहुंचने के लिए भूमध्य सागर पार करने की कोशिश करते हैं. वहां के तट के पास प्रवासियों से भरी नावों के हादसे अक्सर होते रहते हैं, जिनमें कई लोगों की मौत हो जाती है या वे लापता हो जाते हैं.
–
एवाई/एबीएम
Skip to content