
गाजियाबाद, 28 अक्टूबर . गाजियाबाद के लोनी के ट्रॉनिका सिटी इंडस्ट्रियल एरिया में Wednesday सुबह एक फैक्ट्री में आग लगने से हड़कंप मच गया. सेक्टर ए-7, पार्ट-1 स्थित प्लॉट नंबर एफ-18 पर संचालित जावेद फैब्रिकेशन नामक फैक्ट्री के भूतल पर आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 35 मिनट के भीतर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया.
राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ. हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है. दमकल विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, Wednesday को सुबह करीब 9:15 बजे लोनी स्थित ट्रॉनिका सिटी फायर स्टेशन के कंट्रोल रूम को फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही ट्रॉनिका सिटी फायर स्टेशन से तीन फायर टेंडर और फायर सर्विस यूनिटों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया.
घटनास्थल फायर स्टेशन से लगभग पांच किलोमीटर की दूरी पर स्थित था. इसके साथ ही घटना की जानकारी मुख्य अग्निशमन अधिकारी, कमिश्नरेट गाजियाबाद को भी दी गई. मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर आग बुझाने के लिए वैशाली फायर स्टेशन से एक वाटर बाउजर और जनपद बागपत के खेकड़ा फायर स्टेशन से एक अतिरिक्त फायर टेंडर भी रवाना किया गया. इस तरह आग पर काबू पाने के लिए अलग-अलग फायर स्टेशनों से अतिरिक्त संसाधनों की व्यवस्था की गई.
मौके पर पहुंची दमकल टीम ने देखा कि करीब 300 वर्गमीटर के भूखंड पर बने दो मंजिला भवन के भूतल में आग लगी हुई थी. इस फैक्ट्री में फ्लैक्सिबल प्रिंटिंग और मेटल फैब्रिकेशन का काम किया जाता है. आग लगने के बाद दमकल कर्मियों ने तत्काल होज पाइप फैलाकर मोटर फायर इंजन की मदद से पानी की पंपिंग शुरू की और आग बुझाने का अभियान चलाया.
दमकल कर्मियों की तत्परता के चलते आग को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया. इसके बाद लगातार पानी डालकर आग को पूरी तरह बुझाने का काम किया गया. सुबह करीब 9:50 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. आग बुझने के बाद फैक्ट्री में मौजूद सामान को उलट-पलटकर जांच की गई और जहां से धुआं उठ रहा था, वहां भी पानी डालकर उसे शांत किया गया, ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका न रहे. फिलहाल आग लगने का संभावित कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. दमकल विभाग के अनुसार, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
–
पीकेटी/एसके
Skip to content