गाजियाबाद: आदित्य मेगा सिटी के फ्लैट में भीषण आग, दमघोंटू धुएं से मची अफरा-तफरी, टला बड़ा हादसा

गाजियाबाद, 12 सितंबर . गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित आदित्य मेगा सिटी के बहुमंजिला आवासीय परिसर में Saturday दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक फ्लैट के स्टोर रूम में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे टावर में घना, विषैला और दमघोंटू धुआं भर गया. घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी व्यक्ति की जान नहीं गई. हालांकि, स्टोर रूम में रखा सामान और आसपास की घरेलू वस्तुएं आग की चपेट में आने से जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं. फायर विभाग के मुताबिक, Saturday को दोपहर करीब 2:12 बजे फायर स्टेशन वैशाली को आदित्य मेगा सिटी में आग लगने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी, गाजियाबाद के निर्देशन में प्रभारी अग्निशमन केंद्र वैशाली ने दो फायर टेंडर और अग्निशमन कर्मियों की टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया.

मौके पर पहुंचने पर फायर कर्मियों ने देखा कि आग टावर के पांचवें तल पर स्थित फ्लैट संख्या जीसी-502 के स्टोर रूम में लगी हुई थी. फ्लैट में आग तेजी से धधक रही थी और आसपास के हिस्से में भी धुआं फैल चुका था. सोसायटी के मेंटेनेंस कर्मचारियों ने आग पर शुरुआती स्तर पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई थी. आग के कारण पूरे टावर में अत्यधिक घना धुआं भर गया था. धुआं इतना अधिक था कि अग्निशमन कर्मियों के लिए भवन के अंदर प्रवेश करना भी चुनौतीपूर्ण हो गया.

इसके बावजूद फायर कर्मियों ने सुरक्षा उपकरणों के साथ अभियान शुरू किया. भूतल से हॉज लाइन को सीढ़ियों के रास्ते घटनास्थल तक पहुंचाया गया और भवन में पहले से स्थापित फायर फाइटिंग सिस्टम की मदद से आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की गई. अग्निशमन कर्मियों ने बीए सेट पहनकर फ्लैट के अंदर प्रवेश किया. इसके जरिए धुएं के बीच सुरक्षित तरीके से आग के स्रोत तक पहुंचकर फायर फाइटिंग की गई. वहीं, टावर और फ्लैट में जमा घने धुएं को बाहर निकालने के लिए आधुनिक एग्जॉस्ट उपकरणों का भी इस्तेमाल किया गया.

लगातार प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया और उसे शांत कर दिया गया. फायर विभाग की त्वरित कार्रवाई और सोसायटी में पहले से मौजूद स्वचालित अग्निशमन प्रणाली के कारण आग को आसपास के दूसरे फ्लैटों तक फैलने से रोक लिया गया. इससे बहुमंजिला आवासीय परिसर में बड़ा हादसा होने से टल गया. समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो घना धुआं और आग अन्य फ्लैटों के लिए भी खतरा बन सकती थी.

आग लगने के कारण स्टोर रूम में रखी सामग्री के साथ-साथ उसके आसपास मौजूद घरेलू सामान भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गया. फिलहाल, आग लगने के वास्तविक कारण का विस्तृत परीक्षण किया जा रहा है. फायर विभाग ने आग बुझाने के बाद पूरे प्रभावित हिस्से का निरीक्षण किया और यह सुनिश्चित किया कि कहीं दोबारा आग सुलगने की संभावना न हो.

पीकेटी/डीकेपी