खुफिया जानकारी मिलने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर 94 लाख रुपए की लग्जरी घड़ी जब्त, यात्री गिरफ्तार

New Delhi, 17 नवंबर . इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट पर सीमा शुल्क (कस्टम) अधिकारियों ने 94 लाख रुपए की कीमत वाली एक पुरानी लग्जरी कलाई घड़ी जब्त की है. साथ ही, इस महंगी घड़ी की कथित तस्करी के सिलसिले में एक भारतीय यात्री को गिरफ्तार किया गया है.

11 नवंबर को खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए एक ऑपरेशन के दौरान टर्मिनल-3 पर यह जब्ती की गई.

दिल्ली कस्टम्स के अनुसार, Dubai से फ्लाइट एसजी5106 से आए एक भारतीय यात्री को अधिकारियों ने रोका.

पुख्ता खुफिया जानकारी मिलने पर, अधिकारियों ने यात्री को ग्रीन चैनल से हटाकर एक्स-रे स्क्रीनिंग के लिए भेजा, जिसके बाद उसकी और उसके सामान की बारीकी से तलाशी ली गई.

स्क्रीनिंग के दौरान, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) गेट पर अलर्ट बज गया, जिसके बाद कस्टम अधिकारियों ने आगे की जांच की.

तलाशी के दौरान, ‘पाटेक फिलिप एक्वानॉट’ ब्रांड की एक पुरानी लग्जरी घड़ी बरामद हुई.

बरामद घड़ी असली है या नहीं और इसकी कीमत क्या है, यह पता लगाने के लिए एक चार्टर्ड इंजीनियर को जांच के लिए बुलाया गया.

विस्तृत जांच के बाद, विशेषज्ञ ने पुष्टि की कि घड़ी असली है और इसकी कीमत लगभग 94 लाख रुपए है.

इसके बाद, कस्टम अधिकारियों ने कस्टम एक्ट, 1962 की धारा 110 के तहत इस लग्जरी घड़ी को जब्त कर लिया.

इस मामले में, उसी एक्ट की धारा 104 के तहत यात्री को गिरफ्तार भी कर लिया गया.

घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों का पता लगाने और यह जांचने के लिए कि क्या इसमें कोई अन्य व्यक्ति या पक्ष भी शामिल है, आगे की जांच चल रही है.

तस्करी रोकने और सरकारी राजस्व की सुरक्षा करने के अपने संकल्प को दोहराते हुए, दिल्ली कस्टम्स ने कहा कि वे महंगी वस्तुओं के अवैध आयात के जरिए कस्टम ड्यूटी से बचने की कोशिशों पर कड़ी नजर रखते हैं.

अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को सलाह दी है कि India पहुंचने पर वे सभी ऐसी वस्तुओं की जानकारी (डिक्लेरेशन) दें जिन पर ड्यूटी लगती है. यदि उनके पास ऐसी कोई वस्तु है, तो उन्हें ग्रीन चैनल के बजाय ‘रेड चैनल’ का उपयोग करना चाहिए, न कि बिना जानकारी दिए ग्रीन चैनल से निकलने की कोशिश करनी चाहिए.

–

एससीएच