‘क्लेफेस’ के डायरेक्टर जेम्स वॉटकिंस की तारीफ में नाओमी एकी बोलीं, ‘उनके साथ काम करना बेहद मजेदार’

Mumbai , 16 अक्टूबर . एक्ट्रेस नाओमी एकी ने फिल्म ‘क्लेफेस’ के डायरेक्टर जेम्स वॉटकिंस की जमकर तारीफ की है. उन्होंने कहा कि जेम्स का काम करने का तरीका काफी सहयोगी है. वह कलाकारों और क्रू के सुझावों को सुनते हैं, जिससे सेट पर सभी को खुलकर काम करने का मौका मिलता है.

नाओमी ने कहा, ”किसी फिल्म के लिए सही टोन तय करना बेहद जरूरी होता है. कलाकारों और क्रू के बीच बेहतर तालमेल के साथ-साथ सीन के मूड को समझना भी जरूरी है. जेम्स इस मामले में काफी अच्छे हैं. उन्हें इस बात की अच्छी समझ है कि किस सीन में हल्कापन होना चाहिए, कहां अंधेरा और डर महसूस होना चाहिए और किस जगह कहानी को गंभीर बनाए रखने की जरूरत है.”

एक्ट्रेस ने कहा, ”हर सीन में इतनी जानकारी होनी चाहिए कि दर्शक किरदारों को बेहतर तरीके से समझ सकें और उनकी कहानी से जुड़ाव महसूस करें. शूटिंग आगे बढ़ने के साथ कलाकारों के बीच तालमेल बेहतर होता जाता है और फिल्म के टोन को समझना भी आसान हो जाता है.”

नाओमी ने कहा, ”एक समय ऐसा आता है, जब इन चीजों के बारे में ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं पड़ती, क्योंकि कलाकार स्वाभाविक रूप से कहानी और किरदारों के साथ जुड़ने लगते हैं.”

नाओमी ने जेम्स की निर्देशन क्षमता के साथ उनकी लीडरशिप की भी तारीफ की.

उन्होंने कहा, ”जेम्स कलाकारों के सुझावों के लिए हमेशा तैयार रहते हैं और सेट पर हंसी-मजाक का माहौल बनाए रखना भी जानते हैं. फिल्म बनाते समय कई बार खुद को यह याद दिलाना जरूरी होता है कि वे सिर्फ एक फिल्म बना रहे हैं. ऐसे में डायरेक्टर का सहज और शांत स्वभाव कलाकारों को काफी मदद करता है.”

उन्होंने कहा, ”इस काम में लोगों के साथ सहज महसूस करना बहुत जरूरी है, खासकर उस व्यक्ति के साथ जिसके निर्देशों पर कलाकार काम करते हैं. डायरेक्टर के साथ अच्छा तालमेल होने से कलाकार ज्यादा आत्मविश्वास के साथ अपना काम कर पाते हैं.”

वार्नर ब्रदर्स पिक्चर्स के बैनर तले रिलीज होने वाली ‘क्लेफेस’ 23 अक्टूबर को भारतीय सिनेमाघरों में दस्तक देगी. फिल्म अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में रिलीज होगी.

–

पीके/एबीएम