
कोडागु, 1 अक्टूबर . कर्नाटक के कोडागु जिले के कई हिस्सों में तेज हवाओं और गरज के साथ हुई बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया. कुशलनगर और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जबकि कुछ मकानों की छतों को भी भारी नुकसान पहुंचा है.
कुशलनगर के पास गोंडी बसवना हल्ली में तेज हवा और बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्र में एक मकान की छत की चादरें पूरी तरह उड़ गईं. घटना के समय घर के अंदर मौजूद एक महिला घायल हो गई. घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.इसी इलाके में एक अन्य ग्रामीण के मकान की छत भी तेज हवाओं और बारिश की चपेट में आ गई. छत की चादरों को नुकसान पहुंचने से परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ा.
तूफानी हवाओं के चलते जिले में कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की खबर है. कुशलनगर के निकट कुडिगे औद्योगिक क्षेत्र में भी बारिश और तेज हवाओं से नुकसान हुआ. सड़कों पर पेड़ गिरने से कुछ स्थानों पर यातायात प्रभावित हुआ. स्थानीय लोगों और अधिकारियों ने सड़क पर गिरे पेड़ों को हटाकर रास्ता साफ किया.
कुडुमंगलुर में एक पेड़ सड़क पर मौजूद पिकअप वाहन के ऊपर गिर गया. राहत की बात यह रही कि वाहन का चालक सुरक्षित बच गया. कोडागु के कुशलनगर, सुंटिकोप्पा, सिद्धापुरा और नापोक्लु समेत विभिन्न इलाकों में बारिश दर्ज की गई. लंबे समय से तेज गर्मी से परेशान किसानों के लिए बारिश राहत लेकर आई है. बारिश के बाद किसानों के चेहरों पर एक बार फिर खुशी दिखाई दी.
मौसम की स्थिति को देखते हुए India मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कोडागु जिले के लिए अगले दो दिनों के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है. तेज हवाओं और बारिश से हुए नुकसान के बीच स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
–
एएमटी/
Skip to content