
New Delhi, 1 नवंबर Odisha में चक्रवात अर्नब के बाद बाढ़ से लोग प्रभावित हुए हैं. प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने के लिए भारतीय नौसेना का अभियान लगातार जारी है. सड़क संपर्क टूटने और गांवों में पानी भर जाने के कारण कई इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाना मुश्किल हो रहा है. इसको देखते हुए नौसेना के हेलीकॉप्टर प्रभावित इलाकों में मदद की बड़ी उम्मीद बनकर पहुंच रहे हैं. पूर्वी नौसेना कमान ने लगातार दूसरे दिन Odisha के गंजाम जिले में हवाई राहत अभियान चलाया.
इस दौरान नौसेना के सी किंग और एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (एएलएच) ने कई उड़ानें भरीं और बाढ़ से घिरे सारा भीमपुर गांव तक करीब 1,800 किलोग्राम राहत सामग्री पहुंचाई. इसमें 1,400 किलोग्राम खाद्य सामग्री और 400 लीटर ताजा पानी शामिल था. गांव में व्यापक जलभराव और सड़क संपर्क बाधित होने के कारण लोगों तक जरूरी सामान पहुंचाना चुनौती बन गया था. ऐसे हालात में नौसेना के हेलीकॉप्टरों ने हवाई मार्ग से राहत सामग्री पहुंचाकर प्रभावित लोगों की मदद की.
भारतीय नौसेना स्थानीय प्रशासन के साथ तालमेल बनाकर लगातार राहत अभियान चला रही है. त्वरित कार्रवाई और लगातार हवाई उड़ानों के जरिए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि बाढ़ में फंसे लोगों तक भोजन और पीने का पानी पहुंच सके. नौसेना का यह अभियान प्राकृतिक आपदा के समय उसकी त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और मानवीय सहायता एवं आपदा राहत के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है. Odisha में चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव के बीच भारतीय तटरक्षक बल भी हवाई बचाव अभियान चला रही है.
इस राहत व बचाव अभियान के दौरान तटरक्षक बल ने छह लोगों की जान बचाई है. इनमें दो महिलाएं, दो बच्चे और एक बुजुर्ग भी शामिल थे. सभी को बाढ़ से घिरे स्वास्थ्य केंद्र से हेलीकॉप्टर की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया. भारतीय तटरक्षक बल ने यह कार्रवाई 29 अक्टूबर को गंजाम जिले में की थी. प्रशासन से संकट की यह सूचना मिलने के बाद भुवनेश्वर स्थित तटरक्षक बल के हवाई केंद्र से उन्नत हल्का हेलीकॉप्टर (एएलएच एमके-3) तुरंत एक्शन में आया.
तटरक्षक बल के अधिकारी हेलीकॉप्टर के साथ बचाव अभियान के लिए रवाना किए गए. खराब मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद हेलीकॉप्टर के चालक दल ने प्रभावित इलाके स्थित बाढ़ से घिरे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का पता लगाया. यहां इस स्वास्थ्य केंद्र पर कुछ लोग पानी भर जाने के कारण फंसे हुए थे.
–
जीसीबी/पीएम
Skip to content