
भुवनेश्वर, 3 नवंबर . Odisha के राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने Tuesday को कहा कि गंजाम के भंजनगर में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में बचाव अभियान जारी है. उन्होंने कहा कि मलबे के नीचे फंसे संभावित जीवित लोगों का पता लगाने के लिए अत्याधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है.
पुजारी ने कहा कि खराब मौसम के बावजूद, बचाव दल ने कल पूरे दिन काम किया और देर शाम तक अपना अभियान जारी रखा. आज सुबह अभियान फिर से शुरू किया गया.
उन्होंने कहा कि मलबे के नीचे जीवन के संकेतों का पता लगाने के लिए आधुनिक और परिष्कृत उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है और बचावकर्मी अपना प्रयास जारी रखे हुए हैं.
मंत्री ने कहा कि हमें उम्मीद है कि लापता व्यक्ति जीवित हैं. हम महाप्रभु जगन्नाथ से उनकी सुरक्षा, शीघ्र पता लगाने और सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना करते हैं.
उन्होंने आशा व्यक्त की कि चल रहे बचाव प्रयासों से सकारात्मक परिणाम मिलेंगे और लापता व्यक्ति जीवित मिल जाएंगे.
इस बीच, मीडियाकर्मियों से बात करते हुए Odisha अग्निशमन सेवा और होम गार्ड के डीजीपी सुधांशु सारंगी ने बताया कि बचाव अभियान गंजाम के भंजनगर उपमंडल में चल रहा है, लेकिन आवागमन कंधमाल जिले की ओर से हो रहा है.
भूस्खलन के कारण, मिट्टी की मोटी परतें और विशाल चट्टानें पहाड़ी से लुढ़क कर घरों पर गिर पड़ी हैं. इनमें से कुछ चट्टानें घरों जितनी बड़ी हैं, जिन्हें सीधे हटाना असंभव है. इन चट्टानों को हटाए बिना मिट्टी साफ नहीं की जा सकती.
उन्होंने कहा कि रास्ता संकरा, कीचड़ भरा और पैदल चलना मुश्किल है. बचाव कर्मियों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी समय लग रहा है. टीमों के ठहरने के लिए भी कोई उचित जगह नहीं है, जिसके कारण उन्हें सीमित समय के लिए काम करने के बाद वापस लौटना पड़ रहा है.
उन्होंने बताया कि अग्निशमन सेवा और रेलवे कर्मियों, ओडीआरएएफ, Odisha Police और एनडीआरएफ टीम सहित कई अन्य एजेंसियों के लगभग 250 बचाव कर्मी लगभग 100 मजदूरों के साथ घटनास्थल पर तैनात हैं.
हताहतों के बारे में जानकारी देते हुए सारंगी ने बताया कि एक शव बरामद कर लिया गया है और परिवार वालों ने उसकी पहचान कर ली है.
परिवार के अनुरोध पर अंतिम संस्कार भी कर दिया गया है. एक और शव मिला है, लेकिन उस पर मिट्टी के भारी जमाव के कारण उसे अभी तक निकाला नहीं जा सका है.
उन्होंने आगे कहा कि हमें उम्मीद है कि अभी भी कुछ लोग जीवित बचे होंगे, और हमारी टीमें हर संभव प्रयास कर रही हैं. बचाव अभियान में प्रगति होने पर हम और जानकारी साझा करेंगे.
उन्होंने बताया कि चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण हुई असाधारण बारिश के प्रभाव से 28 अक्टूबर को Odisha के गंजाम जिले के गिदिपाबली गांव में हुए भीषण भूस्खलन के बाद लगभग 13 लोग लापता बताए गए थे.
–
एमएस/
Skip to content