
अंगुल, 28 अक्टूबर . Odisha के अंगुल जिले के बगड़िया थाना क्षेत्र के नुआगांव गांव में Police ने छापेमारी कर गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया है. तस्करों ने गांजे को पॉलीथीन में पैक कर ड्रम के अंदर भरकर जमीन में गाड़ रखा था. कार्रवाई के दौरान 90 किलो गांजा बरामद किया गया और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया.
आबकारी अधीक्षक मधुस्मिता नायक के निर्देश पर यह छापेमारी की गई. विभाग को खुफिया जानकारी मिली थी कि बाहर से गांजा लाकर नुआगांव में स्टोर किया जा रहा है और फिर यहां से अलग-अलग इलाकों में अवैध बिक्री के लिए भेजा जाता है. इसी इनपुट के आधार पर आबकारी टीम ने नुआगांव में सर्च ऑपरेशन चलाया.
जांच के दौरान टीम ने देखा कि आरोपियों ने जमीन खोदकर उसमें ड्रम गाड़ रखे थे और उन्हीं ड्रमों में गांजा छिपाया गया था, ताकि किसी को शक न हो. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लिपुन नायक और टुकुना नायक के रूप में हुई है और दोनों नुआगांव के ही रहने वाले हैं.
आबकारी विभाग के अनुसार, लिपुन नायक के पास से 82 किलो गांजा और 2.30 लाख रुपये नकद बरामद किए गए. वहीं, टुकुना नायक के पास से 8 किलो गांजा और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है. बरामद गांजे की बाजार में कीमत लगभग 9 लाख रुपये आंकी गई है. विभाग का मानना है कि यह रैकेट लंबे समय से सक्रिय था और आसपास के जिलों में भी गांजे की सप्लाई करता था.
अधिकारियों ने बताया कि लिपुन नायक पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में शामिल रहा है. वह पहले भी मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में पकड़ा जा चुका है. इस मामले में आबकारी विभाग ने दो अलग-अलग केस दर्ज किए हैं और गांजा तस्करी के नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है. आबकारी विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन सा बड़ा गिरोह काम कर रहा है.
–
पीआईएम/पीएम
Skip to content