ओआरएस की आड़ में हो रही विदेशी शराब की तस्करी, पूर्णिया पुलिस ने 1074 लीटर शराब के साथ तीन तस्करों को दबोचा

पूर्णिया, 14 सितंबर . बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है. तस्कर Police की नजरों से बचने के लिए लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं. कभी एंबुलेंस तो कभी डाक पार्सल के जरिए शराब की तस्करी के मामले सामने आते रहे हैं. अब पूर्णिया में हाइड्रेशन ड्रिंक यानी ओआरएस की आड़ में विदेशी शराब की बड़ी खेप ले जाने का मामला सामने आया है. Police ने कार्रवाई करते हुए ट्रक से 1074.6 लीटर विदेशी शराब बरामद की है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

जानकारी के अनुसार Police को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक असम से शराब की खेप लेकर पूर्णिया के रास्ते समस्तीपुर जा रहा है. सूचना के आधार पर Police ने जीरो माइल शीशाबाड़ी मस्जिद के पास घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया. ट्रक में चालक के अलावा दो अन्य लोग भी सवार थे.

Police ने जब ट्रक में रखे सामान के बारे में पूछताछ की तो आरोपियों ने बताया कि इसमें एप्पल हाइड्रेशन ड्रिंक है. Police को संदेह होने पर ट्रक की विधिवत तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान सामने आया कि हाइड्रेशन ड्रिंक की आड़ में विदेशी शराब की बड़ी खेप छिपाकर ले जाई जा रही थी.

Police ने ट्रक से विभिन्न ब्रांड की 110 पेटी विदेशी शराब बरामद की. बरामद शराब की कुल मात्रा 1074.6 लीटर बताई गई है. इसके अलावा ट्रक से 1100 पेटी एप्पल हाइड्रेशन ड्रिंक भी मिली, जिसकी कुल मात्रा करीब 17,820 लीटर बताई गई है.

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने Police को बताया कि बरामद शराब समस्तीपुर के नीतीश कुमार की है. इसके बाद Police अब इस तस्करी नेटवर्क की पूरी कड़ी खंगालने में जुट गई है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि शराब की खेप कहां से मंगाई गई थी और इसे समस्तीपुर में किसके पास पहुंचाया जाना था.

मामले में Police ने ट्रक चालक सह मालिक भूषण राय, प्रमोद राय और नीलेश कुमार को गिरफ्तार किया है. तीनों आरोपी समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र के चकजलाल गांव के रहने वाले बताए गए हैं.

Police अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. इस कार्रवाई ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि शराब तस्कर बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्करी के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं.

पीएम