ऑस्ट्रेलिया बनाम साउथ अफ्रीका : मार्को जानसेन ने तोड़ा वकार यूनिस का रिकॉर्ड, दिग्गज गेंदबाजों की लिस्ट में जुड़ा नाम

केपटाउन, 28 अक्टूबर . साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट मैच न्यूलैंड्स के मैदान पर खेला जा रहा है. मेजबान टीम के तेज गेंदबाज मार्को जानसेन ने टेस्ट के दूसरे दिन मैट रेनशॉ को आउट करने के साथ ही टेस्ट क्रिकेट में अपने 100 विकेट पूरे कर लिए हैं.

मार्को जानसेन ने यह उपलब्धि सिर्फ अपने 24वें मैच में हासिल की है. उन्होंने इस मामले में साउथ अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज पीटर पोलॉक को पीछे छोड़ा है. प्रोटियाज टीम की ओर से सबसे तेज 100 विकेट चटकाने का रिकॉर्ड वर्नोन फिलेंडर के नाम है, जिन्होंने यह मुकाम अपने 19वें मैच में हासिल किया था. वहीं, डेल स्टेन इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने अपने 100 विकेट 20वें मैच में पूरे किए थे.

जानसेन टेस्ट क्रिकेट में गेंदों के लिहाज से सबसे तेज 100 विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बने हैं. उन्होंने 3,864 गेंदें डालकर क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में अपने 100 विकेट पूरे किए हैं. उन्होंने इस मामले में Pakistan के पूर्व गेंदबाज वकार यूनिस को पीछे छोड़ा है. वकार ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 3,976 गेंदें डाली थीं. इस सूची में टॉप पर डेल स्टेन हैं, जिन्होंने 3,631 गेंदें डालकर 100 विकेट पूरे किए.

दूसरे दिन के टी-ब्रेक तक ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 191 रन लगा लिए हैं. ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी रही और पहले विकेट के लिए ट्रेविस हेड और मैट रेनशॉ ने मिलकर 58 रन जोड़े. हेड ने 49 गेंदों का सामना करते हुए 7 चौकों की मदद से 41 रन बनाए. मार्नस लाबुशेन एक बार फिर बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और बिना खाता खोले पवेलियन लौटे.

तीसरे विकेट के लिए रेनशॉ ने कैमरून ग्रीन के साथ मिलकर 126 रनों की साझेदारी निभाई. रेनशॉ 74 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, ग्रीन 110 गेंदों में 65 रन बनाने के बाद मार्को जानसेन का शिकार बने. साउथ अफ्रीका की तरफ से मार्को जानसेन और साइमन हार्मर ने दो-दो विकेट चटकाए हैं. इससे पहले, साउथ अफ्रीका की पूरी टीम पहली पारी में 329 रन बनाकर ऑलआउट हुई.

–

एसएम/एबीएम