
एडिलेड, 15 नवंबर . इंग्लैंड के विकेटकीपर-बल्लेबाज टॉम बैंटन ने Sunday को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में मैच जिताऊ शतक लगाया. ऐतिहासिक पारी के बाद बैंटन को उम्मीद है कि उन्होंने टॉप ऑर्डर में अपनी जगह पक्की कर ली है.
बैंटन ने 99 गेंदों पर 121 रन की पारी खेली. इस दौरान 12 चौके और 4 छक्के लगाए. उनकी इस पारी की बदौलत इंग्लैंड की टीम ऑस्ट्रेलिया में अपना अब तक का सबसे बड़ा वनडे स्कोर (355/6) खड़ा कर सकी. इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम को 44.3 ओवरों में महज 220 रन पर समेटने के बाद इंग्लैंड ने 135 रनों से शानदार जीत दर्ज करते हुए तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली. शानदार पारी के लिए बैंटन को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.
बीबीसी ‘टेस्ट मैच स्पेशल’ से बातचीत में जब बैंटन से पूछा गया कि क्या अब टॉप ऑर्डर में उनकी जगह पक्की हो गई है, तो उन्होंने कहा, “मुझे ऐसा ही लगता है. क्रिकेट एक अजीब खेल है, जो बहुत जल्दी बदल सकता है. इसलिए, मैं अभी हर मैच पर ध्यान दे रहा हूं और ज्यादा से ज्यादा रन बनाने की कोशिश कर रहा हूं.”
इस साल, नियमित सलामी बल्लेबाज बेन डकेट के साथ पारी की शुरुआत करने वाले बैंटन चौथे खिलाड़ी हैं. सितंबर में श्रीलंका के खिलाफ उन्हें ओपनिंग करने का मौका मिला था. तब से बतौर ओपनर 9 पारियों में 540 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक भी शामिल हैं.
बैंटन को यह मौका जैकब बेथेल के घुटने की चोट के कारण मिला. जुलाई में India के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के दौरान बेथेल को ओपनिंग करने का मौका दिया गया था. उन्होंने तीसरे मैच में 91 रन बनाए थे और ऐसा लग रहा था कि उन्होंने लंबे समय के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है, लेकिन उसके बाद से वे कोई मैच नहीं खेल पाए हैं.
बेथेल की Pakistan दौरे पर वापसी होनी थी, लेकिन लिगामेंट की सर्जरी के बाद जब वे ऑस्ट्रेलिया पहुंचे, तो रिकवरी में कुछ और दिक्कतें आ गईं. इस वजह से तय नहीं हो पाया कि वे बैंटन की जगह टीम में वापस आ पाएंगे या नहीं?
बैंटन ने बिग बैश लीग में ब्रिस्बेन हीट के लिए तीन सीजन खेले हैं. हालांकि, मैच के बाद अपनी पारी के बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया कि एडिलेड का यह उनका पहला दौरा था.
बैंटन ने मैच के बाद ब्रॉडकास्टर्स से कहा, “मैं पहली बार एडिलेड आया हूं. मैंने पिछले कुछ वर्षों में ऑस्ट्रेलिया में काफी क्रिकेट देखा है – एशेज और वाइट-बॉल सीरीज. इसलिए, आज यहां आना एक बहुत ही खास एहसास है. 50 ओवरों का क्रिकेट मुश्किल होता है. कभी-कभी आपको बहुत अच्छी शुरुआत मिल जाती है, और फिर आपको थोड़ा संभलकर खेलना पड़ता है. कभी इसका उल्टा भी होता है. इसलिए, मुझे लगता है कि यह सही मौकों और सही मैच-अप्स को चुनने की बात है. यहां की स्क्वायर बाउंड्री सामान्य से थोड़ी छोटी हैं. तो मेरा गेम प्लान यही था: अगर गेंद विकेट के आसपास आती है, तो उस पर प्रहार करने की कोशिश करनी है.”
–
आरएसजी
Skip to content