ऑपरेशन मानसून थंडर: एनसीबी ने अमेरिकी ड्रग तस्करी नेटवर्क के भारतीय मॉड्यूल का किया भंडाफोड़, छह गिरफ्तार

New Delhi, 20 नवंबर . नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (डीईए) के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए अमेरिका में नशीली दवाओं की आपूर्ति करने वाले अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के भारतीय मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है. इस मामले में India में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

एनसीबी और अमेरिकी एजेंसी डीईए ने साझा खुफिया जानकारी के आधार पर ‘ऑपरेशन मानसून थंडर’ नाम से यह संयुक्त अभियान चलाया. इसके तहत एनसीबी ने 4 से 13 नवंबर के बीच हैदराबाद, दिल्ली, कोलकाता और Lucknow समेत कई शहरों में छापेमारी की.

जांच में सामने आया कि यह नेटवर्क अमेरिका में ग्राहकों को साइकोट्रॉपिक पदार्थों, ओपिओइड और बिना डॉक्टर के पर्चे पर मिलने वाली (एनआरएक्स) दवाओं की आपूर्ति कर रहा था. अब तक जांचे गए रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्यों के अनुसार, जून 2022 से नवंबर 2026 के बीच इस नेटवर्क ने अमेरिका में करीब 3,000 पार्सल भेजे, जिनमें लगभग पांच लाख टैबलेट थीं.

जांच के दौरान एनसीबी ने 1,500 से अधिक टैबलेट वाली कई ऐसी खेपों की पहचान की, जिन्हें अमेरिका के अलग-अलग ठिकानों पर पहुंचाया जाना था. एनसीबी ने इस संबंध में डीईए के साथ कार्रवाई योग्य खुफिया जानकारी साझा की, जिसके बाद अमेरिकी एजेंसी ने दो खेपों को जब्त कर लिया.

इसके अलावा, एनसीबी ने 59,000 से अधिक लोगों के विवरण वाला ग्राहक डेटाबेस भी डीईए के साथ साझा किया है. इसमें लेनदेन का ब्योरा, पहले भेजी गई खेपों की जानकारी, डिलीवरी के पते, यूनाइटेड स्टेट्स पोस्टल सर्विस (यूएसपीएस) के ट्रैकिंग आईडी और ऑर्डर की गई दवाओं के प्रकार शामिल हैं. इस जानकारी से अमेरिका में इन दवाओं के ग्राहकों और खेपों की डिलीवरी में मदद करने वाले लोगों की पहचान करने में सहायता मिलने की उम्मीद है.

जांच में पता चला कि नेटवर्क के सदस्य खेपों और ग्राहकों का रिकॉर्ड साझा डिजिटल प्लेटफॉर्म, खासकर गूगल शीट्स पर रखते थे. India में बैठे ऑपरेटरों को टेलीग्राम, स्काइप और व्हाट्सएप जैसे डिजिटल संचार माध्यमों से ऑर्डर मिलते थे. इसके बाद नेटवर्क के अमेरिकी सदस्य यूएसपीएस और अन्य डिलीवरी माध्यमों के जरिए पार्सल भेजते थे.

डीईए फिलहाल एनसीबी से मिली जानकारियों की जांच कर रही है. करीब 59,000 लोगों से जुड़े इस डेटा का विस्तृत खुफिया विश्लेषण किया जाएगा, ताकि अवैध दवा आपूर्ति नेटवर्क को खत्म करने के लिए आगे की कार्रवाई की जा सके.

जांच में यह भी सामने आया कि भारतीय ऑपरेटरों को भुगतान वेनमो जैसे अमेरिकी डिजिटल पेमेंट एप, दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों, यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए किया जाता था. जांचकर्ताओं को ऐसे संकेत भी मिले हैं कि भुगतान और कमीशन प्राप्त करने के लिए हवाला चैनलों का इस्तेमाल किया गया.

एनसीबी अब इस वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है, ताकि नेटवर्क के लाभार्थियों की पहचान की जा सके और कथित ड्रग तस्करी से अर्जित रकम का पता लगाया जा सके. जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि India में गिरफ्तार आरोपियों के पास मौजूद डिजिटल रिकॉर्ड और दवाओं के ब्रांड से इस नेटवर्क के लिए कई देशों से दवाओं और संबंधित पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खरीद किए जाने की आशंका है. हालांकि, इन दवाओं के वास्तविक स्रोत, खरीद के माध्यम और सीमा पार उनकी आवाजाही का पता लगाने के लिए जांच जारी है. एजेंसियां पूरी आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने के साथ इस नेटवर्क से जुड़े सभी व्यक्तियों और संस्थाओं की पहचान करने में जुटी हैं.

–

डीएससी