एसआईआर पर चौपाल लगाकर भ्रम फैला रही कांग्रेस, यह घुसपैठियों को बचाने की राजनीति: अमर बाउरी

रांची, 12 नवंबर . भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री और Jharkhand विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित की जा रही चौपालों पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस चौपाल के नाम पर जनता के बीच भ्रामक माहौल बनाना तुरंत बंद करे.

बाउरी ने सवाल उठाते हुए पूछा है कि आखिर कांग्रेस इन चौपालों के माध्यम से क्या साबित करना चाहती है? क्या उसका छिपा हुआ एजेंडा यह संदेश देना है कि देश विरोधी ताकतों और अवैध घुसपैठियों को भी मतदाता सूची में सुरक्षित बनाए रखा जाए? उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र और वैध भारतीय मतदाता का नाम गलती से वोटर लिस्ट से छूट गया है तो इसके लिए पुख्ता संवैधानिक व्यवस्थाएं मौजूद हैं.

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस तथ्यों और ठोस प्रमाणों के साथ चुनाव आयोग के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज करा सकती है. केवल जगह-जगह चौपाल लगाकर Political नाटक-नौटंकी करना और भोली-भाली जनता को गुमराह करना कांग्रेस की पुरानी फितरत रही है. लोकतंत्र में हर किसी को विरोध का अधिकार मिला है, लेकिन किसी संवैधानिक प्रक्रिया को लेकर बेवजह का डर और भ्रम फैलाना कतई न्यायसंगत नहीं है.

अमर कुमार बाउरी ने एसआईआर प्रक्रिया को पूरी तरह कानूनी और नियमित बताते हुए कहा कि यह कोई नई प्रक्रिया नहीं है. इतिहास गवाह है कि कांग्रेस के शासनकाल में यह प्रक्रिया 10 बार और भाजपा के कार्यकाल में दो बार अपनाई जा चुकी है. यह एक पारदर्शी संवैधानिक प्रक्रिया है, जिसका मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी और पूरी तरह अद्यतन बनाना है. इसके बावजूद कांग्रेस द्वारा आज इस पर सवाल खड़े करना उसकी दोहरी राजनीति को बेनकाब करता है.

उन्होंने कहा कि एक तरफ कांग्रेस पार्टी संविधान और कानून के सम्मान की बात करने का ढोंग करती है तो दूसरी तरफ चुनाव आयोग जैसी स्वायत्त संवैधानिक संस्था की पारदर्शी कार्यप्रणाली पर ही उंगली उठाती है. यदि कांग्रेस को प्रक्रिया में कोई गड़बड़ी दिखती है तो उसे हवा में तीर चलाने के बजाय आधिकारिक रूप से प्रमाण प्रस्तुत करने चाहिए. केवल Political प्रपंच और हंगामे के जरिए संवैधानिक संस्थाओं के कामकाज को बाधित करने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती.

–

एसएनसी/डीकेपी