एयरफोर्स चीफ एपी सिंह की मौजूदगी में अंतरराष्ट्रीय स्क्वैश चैंपियनशिप

New Delhi, 31 अगस्त . एयरफोर्स प्रमुख, एयर चीफ मार्शल एपी सिंह की मौजूदगी में Monday को अंतरराष्ट्रीय स्क्वैश चैंपियनशिप 2026 की शुरुआत हुई. भारतीय वायुसेना की मेजबानी में यह प्रतिष्ठित चैंपियनशिप चंडीगढ़ स्थित एयरफोर्स स्टेशन के बेस रिपेयर डिपो में प्रारंभ हुई है.

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इस प्रतियोगिता में India के साथ-साथ विदेशों के दिग्गज स्क्वैश खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं. चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह में वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों का स्वागत किया और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के महत्व पर जोर दिया.

वायुसेना प्रमुख ने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन केवल प्रतिस्पर्धा का मंच नहीं होते, बल्कि विभिन्न देशों के खिलाड़ियों के बीच आपसी सौहार्द, सम्मान और मित्रता को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. खेलों के माध्यम से अलग-अलग देशों के लोग एक-दूसरे को बेहतर ढंग से समझते हैं और आपसी संबंधों को मजबूती मिलती है.

उद्घाटन समारोह के दौरान एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने सेवानिवृत्त एयर मार्शल एम. बालादित्य और ब्रिटेन के कैप्टन डैन पेस्केट के साथ दोस्ताना स्क्वैश मैच भी खेला. इस दौरान खिलाड़ियों और मौजूद अधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिला. चार सितंबर 2026 तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में कुल 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं. इनमें India के अलावा ब्रिटेन और श्रीलंका की 2 अंतरराष्ट्रीय टीमें शामिल हैं. प्रतियोगिता में अनुभवी और पूर्व खिलाड़ियों की टीमें भी शामिल हैं.

वायुसेना का कहना है कि चैंपियनशिप में टीम मुकाबलों के साथ ओपन सिंगल्स वर्ग भी आयोजित किया जा रहा है. इसके चलते प्रतियोगिता में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई शीर्ष स्क्वैश खिलाड़ियों को एक साथ खेलने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा. वायुसेना की ओर से आयोजित यह प्रतियोगिता खेल भावना के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों के बीच संपर्क और मैत्रीपूर्ण संबंधों को बढ़ावा देने का भी माध्यम बनेगी. 4 सितंबर को चैंपियनशिप के समापन के साथ विजेता खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया जाएगा.

जीसीबी/डीकेपी