एनसीआर में बढ़ती ठंड और कोहरे का सितम, 11 डिग्री तक गिरेगा पारा, वायु गुणवत्ता अभी भी ‘खतरे के निशान’ पर

New Delhi, 20 नवंबर . मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमानों के अनुसार, दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में तापमान लगातार गिरता जा रहा है. सुबह और शाम के साथ-साथ अब दिन के समय भी ठंड का एहसास तेजी से होने लगा है. मौसम विज्ञानियों की मानें तो आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जिससे ठंड में और इजाफा होगा.

वहीं, दूसरी तरफ हवा की गुणवत्ता (एक्यूआई) अभी भी खतरे के निशान से नीचे नहीं आई है, जिससे लोगों को प्रदूषण के साथ-साथ ठंड से भी जूझना पड़ रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक 20 नवंबर से 25 नवंबर तक साफ तौर पर कोहरे का असर देखने को मिल रहा है.

20 नवंबर: इस दिन अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. मध्यम कोहरा रहेगा. 21 नवंबर: तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है, जहां अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री रह सकता है. 22 नवंबर: अधिकतम तापमान 26 डिग्री पर स्थिर रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 13 डिग्री तक आ सकता है. मौसम में मध्यम कोहरा जारी रहेगा.

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 23 नवंबर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. कोहरा अब हल्का कोहरा में बदल जाएगा, लेकिन तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी.

23 नवंबर को अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 24 नवंबर को ठंड का असर और बढ़ेगा क्योंकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री पर बना रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान 25 डिग्री रहेगा. मौसम में हल्का कोहरा छाया रहेगा. 25 नवंबर का दिन इस सप्ताह का सबसे ठंडा दिन हो सकता है.

मौसम विभाग के अनुसार, इस दिन न्यूनतम तापमान गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. अधिकतम तापमान 25 डिग्री के आसपास ही रहेगा. सुबह के समय हल्का कोहरा परेशान करेगा. मौसम में आ रहे इस बदलाव के बीच दिल्ली-एनसीआर की हवा की गुणवत्ता चिंता का विषय बनी हुई है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हवा की गुणवत्ता सूचकांक अभी भी ‘खतरे के निशान’ के आसपास बना हुआ है. कोहरे और धुंध के कारण प्रदूषण के कण वातावरण में जमा हो रहे हैं, जिससे सांस लेने में दिक्कत हो सकती है. विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक तेज हवाएं नहीं चलेंगी, तब तक प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद कम है. सुबह और देर रात के समय कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम हो सकती है, जिससे वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक ड्राइविंग करनी चाहिए.

–

पीकेटी/डीकेपी