एनसीआर में पारा गिरा; वायु गुणवत्ता में सुधार से मिली राहत

New Delhi, 18 नवंबर . राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम ने करवट ले ली है. पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं ने मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ा दी है. पिछले कुछ दिनों की तुलना में तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में पारा और नीचे गिरने की संभावना है.

मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखें तो 18 नवंबर से लेकर 23 नवंबर तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है, लेकिन औसतन तापमान में कमी आई है. मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक 18 नवंबर को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

19 नवंबर को अधिकतम तापमान गिरकर 26 डिग्री पर आ जाएगा, जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री बना रहेगा. 20 नवंबर को दिन का तापमान और गिरेगा, जो 25 डिग्री तक पहुंच सकता है. न्यूनतम तापमान भी 12 डिग्री रहने का अनुमान है. 21 नवंबर को अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया जा सकता है.

22 नवंबर और 23 नवंबर को महीने के अंत तक अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री के आसपास और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के आसपास स्थिर रहने की उम्मीद है. यानी साफ है कि दिन में धूप निकलने के बावजूद तापमान 24-25 डिग्री से ऊपर नहीं जा रहा है, जिससे दिन में भी हल्की ठंड महसूस हो रही है. वहीं रातें काफी ठंडी हो चुकी हैं.

मौसम विभाग के पूर्वानुमान में 18 नवंबर से 23 नवंबर तक लगातार “मॉडरेट फॉग” यानी मध्यम कोहरे की स्थिति बनी रहने की बात कही गई है. हवा में नमी की मात्रा भी काफी अधिक है. आंकड़ों के अनुसार, सुबह के समय आर्द्रता 90 से 95 प्रतिशत तक पहुंच रही है, जबकि दोपहर में यह 65 से 75 प्रतिशत के बीच रह रही है. इस उच्च आर्द्रता और ठंडी हवाओं के कारण सुबह के समय कोहरा छाया रह सकता है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है.

ठंड बढ़ने के साथ-साथ दिल्ली-एनसीआर के लिए एक अच्छी खबर भी है. तेज हवाओं के चलने से प्रदूषण के स्तर में काफी सुधार देखने को मिल रहा है. हवा की गति बढ़ने से वातावरण में फैले प्रदूषक कण बिखर गए हैं, जिससे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में तेजी से गिरावट आई है. पहले जहां एक्यूआई ‘सीवियर’ या ‘बहुत खराब’ श्रेणी में था, अब वह सुधरकर ‘येलो’ (मध्यम) और ‘ऑरेंज’ (खराब) जोन में पहुंच गया है. यह अपने आप में एनसीआर के निवासियों के लिए बड़ी राहत की बात है, क्योंकि अब सांस लेने में पहले जैसी परेशानी नहीं हो रही है.

दिल्ली-एनसीआर में मौसम अब पूरी तरह से बदल चुका है. ठंडी हवाओं ने सर्दी का एहसास करा दिया है. लोगों को सलाह दी जाती है कि सुबह और शाम के समय हल्के गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दें. साथ ही, सुबह के समय कोहरे के कारण वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और फॉग लाइट्स का इस्तेमाल करें.

–

पीकेटी/एएस