एक ही मैच में बने 859 रन, श्रीलंका ने वनडे इतिहास का दूसरा बड़ा लक्ष्य हासिल किया

रावलपिंडी, 22 अक्टूबर . श्रीलंका ने इंग्लैंड के खिलाफ Thursday को ट्राई-सीरीज में 430 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वनडे इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा टारगेट सफलतापूर्वक चेज किया. इस मुकाबले के दौरान दोनों पारियों में कुल 859 रन बने.

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने कप्तान हैरी ब्रूक (202) के दोहरे शतक की मदद से 4 विकेट खोकर 429 रन बनाए. इसके जवाब में श्रीलंका ने 1 गेंद शेष रहते 2 विकेट से जीत दर्ज की. इस पारी में पवन रत्नायके ने 130 रन बनाए, जबकि अविष्का फर्नांडो ने 97 रन जड़े.

वनडे इतिहास में सबसे सफल रन चेज साउथ अफ्रीका के नाम पर दर्ज है, जिसने साल 2006 में जोहान्सबर्ग के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध 435 रनों का लक्ष्य हासिल किया था. भारतीय टीम साल 2026 में वेस्टइंडीज के विरुद्ध 406 रनों का लक्ष्य हासिल कर चुकी है.

श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच इस मैच में कुल 859 रन बने. किसी एक वनडे मैच में कुल सबसे ज्यादा रन (872) साल 2006 में साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच बने थे. इसमें ऑस्ट्रेलिया ने 434 रन, जबकि साउथ अफ्रीका ने 438 रन बनाए थे. India और श्रीलंका के बीच साल 2009 में कुल 825 रन बने थे. इसमें भारतीय टीम ने 414 रन कूटे, जबकि श्रीलंका ने 411 रन बनाए थे.

Thursday को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए त्रिकोणीय सीरीज के तीसरे मैच की बात करें, तो टॉम बैंटन ने बेन डकेट के साथ पहले विकेट के लिए 74 रन जोड़े. बैंटन 50 रन बनाकर आउट हुए, जबकि डकेट ने 29 रन की पारी खेली.

इंग्लैंड ने 85 रन तक अपने सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद जो रूट ने कप्तान हैरी ब्रूक के साथ तीसरे विकेट के लिए 159 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 244 रन तक पहुंचाया. रूट 69 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद ब्रूक ने विल जैक्स (नाबाद 66) के साथ चौथे विकेट के लिए 185 रन की साझेदारी की. विपक्षी खेमे से दुनिथ वेल्लालगे ने 2 विकेट निकाले, जबकि असिथा फर्नांडो और जनिथ लियानागे ने 1-1 विकेट चटकाया.

इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम ने 24 रन तक अपने 2 विकेट खो दिए थे. इसके बाद पवन रत्नायके ने अविष्का फर्नांडो के साथ तीसरे विकेट के लिए 166 रन और दासुन शनाका के साथ चौथे विकेट के लिए 133 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 323 रन तक पहुंचा दिया.

अविष्का 97 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रत्नायके ने 130 रन की पारी खेली. इसके बाद दासुन शनाका और जनिथ लियानागे ने मोर्चा संभाला. दासुन ने 50 गेंदों में 8 छक्कों और 6 चौकों के साथ 97 रन की पारी खेली, जबकि जनिथ ने 27 गेंदों में 10 बाउंड्री के साथ नाबाद 61 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई. इंग्लैंड के लिए जोश टंग ने सर्वाधिक 3 विकेट झटके, जबकि सैम करन को 2 विकेट हाथ लगे.

Pakistan, श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच जारी वनडे ट्राई सीरीज की प्वाइंट्स टेबल पर नजर डालें, तो Pakistan शुरुआती दोनों मैच जीतकर शीर्ष पर है, जबकि श्रीलंका ने 2 में से 1 मैच अपने नाम किया है. यह टीम दूसरे पायदान पर है. इंग्लैंड अपने शुरुआती दोनों मैच गंवाकर तीसरे स्थान पर है.

–

आरएसजी