ऋतिक रोशन ने आनंद कुमार की ‘सुपर इनफिनिटी’ की सराहना की, बोले- पढ़ाई को इतना मजेदार सिर्फ आप बना सकते हैं

Patna, 22 अक्टूबर . Bollywood Actor ऋतिक रोशन ने गणित शिक्षक और सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार की नई शैक्षणिक पहल ‘सुपर इनफिनिटी’ की सराहना की है. उन्होंने गणित की पढ़ाई को रोचक और आनंददायक बनाने के आनंद कुमार के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि पढ़ाई को इतना मजेदार बनाने की क्षमता उनमें ही है.

ऋतिक रोशन ने social media प्लेटफॉर्म एक्स और इंस्टाग्राम पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए लिखा, “सुपर इनफिनिटी के साथ एक और शानदार पहल के लिए बधाई, आनंद सर. पढ़ाई को इतना मजेदार सिर्फ आप ही बना सकते हैं.”

ऋतिक रोशन वर्ष 2019 में रिलीज हुई फिल्म ‘सुपर 30’ में आनंद कुमार की भूमिका निभा चुके हैं. फिल्म में उन्होंने बिहार के उस शिक्षक के संघर्ष और शैक्षणिक अभियान को पर्दे पर उतारा था, जिन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) में प्रवेश की तैयारी कराने के लिए सुपर 30 कार्यक्रम शुरू किया था.

आनंद कुमार की नई पहल ‘सुपर इनफिनिटी’ का उद्देश्य आधुनिक डिजिटल माध्यमों और नवीन शिक्षण पद्धतियों के जरिए दुनिया भर के विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण गणित शिक्षा पहुंचाना है. इस पहल के तहत कहानी कहने की कला, एनिमेशन और आकर्षक दृश्य प्रस्तुतियों का इस्तेमाल कर गणित की जटिल अवधारणाओं को सरल और दिलचस्प बनाने पर जोर दिया जा रहा है. इस शैक्षणिक पहल का मकसद विद्यार्थियों को केवल सूत्रों और तथ्यों को रटने तक सीमित रखने के बजाय विषय की बुनियादी अवधारणाओं को समझने, तार्किक क्षमता विकसित करने और स्वतंत्र रूप से सोचने के लिए प्रोत्साहित करना है.

‘सुपर इनफिनिटी’ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिल रही है. हाल ही में जापान की प्रतिष्ठित पत्रिका ‘प्रेसिडेंट’ ने आनंद कुमार की शैक्षणिक यात्रा और उनकी इस पहल को प्रमुखता से प्रकाशित किया.

पत्रिका ने गणित को अधिक सुलभ और आनंददायक बनाने के उनके प्रयासों को वैश्विक शैक्षणिक अभियान के रूप में रेखांकित किया. पद्मश्री से सम्मानित आनंद कुमार अपने कार्यक्रम ‘सुपर 30’ के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय पहचान बना चुके हैं.

अब डिजिटल तकनीक के जरिए वह अपने शैक्षणिक मिशन को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की दिशा में काम कर रहे हैं. ऋतिक रोशन की सराहना से उनकी इस नई पहल को एक बार फिर चर्चा मिली है.

–

एमएनपी/एएसएच