उत्तरकाशी : कालिंदी पास रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा, 19 ट्रेकर्स-पोर्टर्स सुरक्षित निकाले गए

उत्तरकाशी, 29 सितंबर . उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्र कालिंदी पास में फंसे ट्रेकर्स को निकालने का रेस्क्यू अभियान आखिरकार सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है. जिला प्रशासन ने बताया कि कालिंदी पास क्षेत्र से सभी 19 ट्रेकर्स और पोर्टर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया है.

जानकारी के मुताबिक, ज्यादा ऊंचाई वाले कालिंदी खाल इलाके में फंसे ट्रेकर्स के लिए हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू ऑपरेशन दो दिन तक चलाया गया. जिला मजिस्ट्रेट प्रशांत आर्य की देखरेख में यह पूरा अभियान चलाया गया.

डीडीएमए उत्तरकाशी के अनुसार, 28 सितंबर को पहले दिन 11 ट्रेकर्स और पोर्टर्स को हेलीकॉप्टर की मदद से सुरक्षित हर्षिल हेलीपैड लाया गया था. इसके बाद 29 सितंबर को दूसरे दिन चार और ट्रेकर्स-पोर्टर्स को सुरक्षित हर्षिल लाया गया. वहीं बाद में चार और ट्रेकर्स को निकाला गया, जिसके बाद कुल संख्या 19 हो गई.

पहले दी गई जानकारी के अनुसार अब तक 15 लोगों को हर्षिल पहुंचाया गया था, जिनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और सभी का स्वास्थ्य सामान्य पाया गया.

हर्षिल हेलीपैड पर अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्रा की मौजूदगी में रेस्क्यू अभियान में लगे सभी संबंधित कार्मिकों और हेलीकॉप्टर के पायलट द्वारा आवश्यक समन्वय और विस्तृत प्लानिंग के बाद कार्ययोजना तैयार की गई. सभी टीमों ने आपसी समन्वय के साथ निर्धारित योजना के अनुसार रेस्क्यू कार्य को व्यवस्थित और सुरक्षित रूप से अंजाम दिया.

हर्षिल हेलीपैड पर रेस्क्यू एजेंसियां लगातार तैनात रहीं. मौसम की चुनौतियों और अधिक ऊंचाई के बावजूद हेलीकॉप्टर के जरिए एक-एक कर सभी ट्रेकर्स को बाहर निकाला गया.

कालिंदी पास उत्तराखंड का एक बेहद कठिन और खतरनाक ट्रैक माना जाता है. यह करीब 5900 मीटर से अधिक ऊंचाई पर स्थित है और गंगोत्री से बद्रीनाथ को जोड़ता है. यहां मौसम बेहद प्रतिकूल रहता है और ऑक्सीजन की कमी के कारण ट्रेकर्स को अक्सर परेशानियों का सामना करना पड़ता है. कालिंदी पास क्षेत्र से सभी लोगों को निकालने के साथ ही अब यह रेस्क्यू ऑपरेशन समाप्त घोषित कर दिया गया है.

–

एससीएच/पीएम