
New Delhi, 28 दिसंबर . इस साल कुछ भारतीय क्रिकेटर्स को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू का मौका मिला, जिन्होंने कुछ ही समय में अपनी चमक बिखेरी. आइए, ऐसे ही 5 खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं.
वैभव सूर्यवंशी: 4 जुलाई 2026 को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच के साथ वैभव ने अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया. महज 15 साल 99 दिन की उम्र में वैभव इतिहास रचते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा भारतीय बने. उन्होंने जिम्बाब्वे के विरुद्ध महज 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ा, जिसके साथ 15 साल 118 दिन की उम्र में पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने.
प्रिंस यादव: इस तेज गेंदबाज ने 17 जून 2026 को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे मैच के साथ अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया, जिसके बाद 28 जून को पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेला. आयरलैंड के खिलाफ खेलते हुए अपने पहले ही टी20 मुकाबले में प्रिंस यादव ने 3 विकेट हासिल किए. इसके बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर की पहली ही गेंद पर छक्का लगाया.
गुरनूर बरार: इस तेज गेंदबाज ने 13 जून को अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले के साथ वनडे डेब्यू किया. अपने पहले ही मैच में तीन विकेट हासिल करने वाले बरार ने नवंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ 30 रन देकर 4 विकेट हासिल किए. इसके बाद 27 नवंबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच के साथ उन्होंने इस फॉर्मेट में भी डेब्यू किया.
हर्ष दुबे: आईपीएल करियर के शुरुआती 2 सीजन में 11 मुकाबले खेलते हुए 13 विकेट हासिल करने वाले दुबे ने 13 जून को अफगानिस्तान के खिलाफ मैच के साथ वनडे डेब्यू किया. उन्होंने पहले ही मैच में 47 रन देकर 3 विकेट निकाले.
यश ठाकुर: 25 जुलाई को जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले के साथ टी20 डेब्यू करने वाले दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने सीरीज में 2 मुकाबले खेलते हुए 4 विकेट हासिल किए, जिसके बाद उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में मौका दिया गया. यश जापान के विरुद्ध टी20 मुकाबला भी खेला. इसके बाद 15 नवंबर को उन्हें न्यूजीलैंड के विरुद्ध वनडे मैच में शामिल किया गया, जिसमें उन्होंने 1 विकेट हासिल किया.
–
आरएसजी
Skip to content