इस भारतीय टीम में वर्ल्ड कप जीतने की क्षमता है, बहुत ज्यादा बदलाव से बचना होगा : युवराज सिंह

New Delhi, 2 अक्टूबर . India के पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह का मानना है कि भारतीय टीम में आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 जीतने की पूरी क्षमता है. उन्होंने कहा कि अगर टीम मैनेजमेंट बहुत ज्यादा बदलाव करने से बचे और टूर्नामेंट से कम से कम एक साल पहले 16 से 20 खिलाड़ियों का एक मजबूत कोर ग्रुप तैयार कर ले, तो India के खिताब जीतने की संभावना काफी बढ़ जाएगी.

इस बड़े टूर्नामेंट का शेड्यूल Thursday को केपटाउन में जारी किया गया. साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले इस टूर्नामेंट में अब ठीक एक साल का समय बचा है. दो बार की चैंपियन भारतीय टीम ग्रुप ए में अपने अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को केपटाउन में मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी. इसके बाद 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में टीम का सामना अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी Pakistan से होगा.

India को अफगानिस्तान, क्वालीफायर ए टीम और सह-मेजबान जिम्बाब्वे के खिलाफ भी खेलना है. टूर्नामेंट का फाइनल 21 नवंबर को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा. युवराज ने ‘जियोस्टार’ से कहा, “मेरी राय में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं होने चाहिए, क्योंकि मुझे लगता है कि आपको वर्ल्ड कप में जाने से कम से कम एक साल पहले ही टीम तैयार कर लेनी चाहिए, क्योंकि हर पोजीशन पर अनुभव की जरूरत होती है. चाहे टॉप ऑर्डर हो या मिडिल ऑर्डर, आपके नंबर चार, पांच और छह पर खेलने वाले खिलाड़ियों को गेम टाइम मिलना चाहिए. बहुत आगे की न सोचें, क्योंकि अगर आप अभी से वर्ल्ड कप जीतने के बारे में सोचेंगे, तो आप खुद पर बहुत अधिक दबाव डालेंगे.”

पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने आगे कहा, “बस सहजता से आगे बढ़ें और पक्का करें कि आपके 16 से 20 खिलाड़ी खेलने के लिए तैयार हों. वर्ल्ड कप से पहले, टीम को तैयारी के लिए एक महीने पहले ही साउथ अफ्रीका पहुंच जाना चाहिए. इस टीम को देखते हुए मुझे पूरा यकीन है कि उनमें वर्ल्ड कप जीतने की क्षमता है.”

युवराज वनडे विश्व कप 2011 में जीत के हीरो रहे थे. युवराज के साथ-साथ विश्व विजेता भारतीय टीम का हिस्सा रहे सुरेश रैना ने कहा कि India का मौजूदा खेलने का तरीका और क्वालिटी उसके प्रतिद्वंद्वी Pakistan से काफी आगे है. दोनों टीमों के बीच हुए मैच ज्यादातर एकतरफा रहे हैं, चाहे फॉर्मेट कोई भी हो. इसका सबूत यह भी है कि वनडे वर्ल्ड कप में Pakistan के खिलाफ India का हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 8-0 का है.

उन्होंने कहा, “भारतीय टीम इस समय हर मामले में बहुत आगे है. खिलाड़ियों ने जिस तरह से सुधार किया है, जिस निडर अंदाज में वे बल्लेबाजी कर रहे हैं और उनका आक्रामक खेल, मुझे नहीं लगता कि ऐसा पहले कभी हुआ है.”

रैना ने आगे कहा, “भारत-Pakistan मैच से निश्चित रूप से फैंस में ज्यादा उत्साह होता है, लेकिन मुझे लगता है कि भारतीय टीम अभी कहीं ज्यादा बेहतर है. यह वर्ल्ड कप का मैच है, साउथ अफ्रीका में Pakistan को भी समर्थन मिलेगा, लेकिन मुझे लगता है कि हमारे पास एक बेहतरीन टीम है, ऐसे तेज गेंदबाज हैं जो अच्छी रफ्तार और उछाल के साथ दबाव को अच्छे से संभाल सकते हैं. 1983, 2011 और उम्मीद है कि 2027 में भी अब तीसरा वर्ल्ड कप जीतने का समय आ गया है. टीम के साथ India की 1.4 अरब आबादी की शुभकामनाएं और दुआएं होंगी. मुझे लगता है कि भारतीय टीम Pakistan के खिलाफ मैच आसानी से जीत जाएगी.”

–

एसएम/एबीएम