
New Delhi, 6 सितंबर . फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो 2027 में गवर्निंग बॉडी के प्रमुख के तौर पर चौथे कार्यकाल के लिए दोबारा चुनाव लड़ेंगे. उन्हें फीफा प्रतियोगिताओं में प्राइवेट इन्वेस्टमेंट फर्मों को हिस्सेदारी बेचने की अपनी उस योजना के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा था, जिसे बाद में रद्द कर दिया गया.
2016 से फीफा अध्यक्ष रहे इन्फेंटिनो के अगले साल मोरक्को में होने वाली फीफा कांग्रेस में चुनाव लड़ने की उम्मीद है. इस घोषणा से उस अनिश्चितता पर विराम लग गया है कि क्या वह कई फुटबॉल प्रशासकों और संघों के बढ़ते विरोध के बीच एक और कार्यकाल के लिए चुनाव लड़ेंगे या नहीं?
‘बीबीसी’ की रिपोर्ट के मुताबिक, फीफा ने एक बयान में कहा, “फीफा अध्यक्ष ने अप्रैल में घोषणा की थी कि वह 2027 में दोबारा चुनाव लड़ेंगे. बेशक, कुछ भी नहीं बदला है. इन्फेंटिनो दोबारा चुनाव लड़ेंगे.”
स्विस-इतालवी प्रशासक ने 2016 में फीफा अध्यक्ष का पद संभाला था. वह 2019 और फिर 2023 में निर्विरोध चुने गए थे और अब चार साल के एक और कार्यकाल के लिए चुनाव लड़ रहे हैं. उनका यह फैसला फीफा प्रतियोगिताओं में निजी निवेशकों को माइनॉरिटी हिस्सेदारी बेचने के विवादास्पद प्रस्ताव पर हुई कड़ी आलोचना के बाद आया है. अतिरिक्त कमर्शियल रेवेन्यू जुटाने के मकसद से बनाई गई इस योजना का फुटबॉल समुदाय के कई हिस्सों से कड़ा विरोध हुआ और फीफा प्रतियोगिताओं पर भविष्य के नियंत्रण को लेकर चिंताएं पैदा हुईं.
‘यूईएफए’ ने भी इस प्रस्ताव के जवाब में वर्ल्ड कप सहित फीफा प्रतियोगिताओं के बहिष्कार पर विचार करने की धमकी दी थी. बाद में, यह आश्वासन मिलने पर कि फीफा प्रतियोगिताओं के मालिकाना हक में निजी निवेशकों को शामिल करने जैसी योजनाओं पर दोबारा काम नहीं किया जाएगा, यूरोपियन फुटबॉल की गवर्निंग बॉडी ने अपनी धमकी वापस ले ली.
इन्फेंटिनो को फीफा के उपाध्यक्ष और एशिया, यूरोप और नॉर्थ अमेरिका सहित विभिन्न क्षेत्रों के अधिकारियों की आलोचना का भी सामना करना पड़ा है. हालांकि, उन्होंने फीफा के काम का बचाव करना जारी रखा है और फुटबॉल के विकास में संगठन के फाइनेंशियल इन्वेस्टमेंट को उजागर करने के लिए हाल के इंटरनेशनल इवेंट्स का इस्तेमाल किया है.
इन्फेंटिनो को चुनौती देने के इच्छुक लोगों को 18 नवंबर तक चुनाव लड़ने के अपने इरादे की औपचारिक घोषणा करनी होगी. अगर एक या अधिक उम्मीदवार मौजूदा अध्यक्ष का विरोध करने का फैसला करते हैं, तो फीफा में अध्यक्ष पद के लिए कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है.
इन्फेंटिनो ने अब तक अपने भविष्य के बारे में विस्तार से सार्वजनिक टिप्पणी करने से परहेज किया है. इस हफ्ते पोलैंड में हुए विमेंस अंडर-20 वर्ल्ड कप के दौरान, उन्होंने चुनाव या यूईएफए के साथ चल रहे मतभेद पर विस्तार से बात नहीं की.
–
आरएसजी
Skip to content