इंडियन सुपर लीग: एससी दिल्ली-मोहन बागान मैच में 14,971 प्रशंसक मौजूद रहे

New Delhi, 17 अक्टूबर . इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2026-27 सीजन में स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली (एससी दिल्ली) के लिए पहला मैच उत्साह बढ़ाने वाला रहा. जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए मैच में टीम का समर्थन करने के लिए 14,971 दर्शक आए.

दर्शकों की संख्या इस बात का सबूत है कि इस नए क्लब में लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है. क्लब राजधानी में अपनी मजबूत पहचान और फैन बेस बनाना चाहता है. साथ ही, यह राष्ट्रीय राजधानी में फुटबॉल को लेकर बढ़ते क्रेज का भी सबूत है.

हालांकि, मैच का परिणाम एससी दिल्ली के पक्ष में नहीं रहा. मोहन बागान सुपर जायंट के खिलाफ टीम को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा. लालरिनलियाना हनामते ने 23वें मिनट में एससी दिल्ली के लिए पहला गोल मारा. हनामते ने मनोज मोहम्मद के बनाए गए मूव को गोल में बदलकर होम टीम को अच्छी बढ़त दिलाई.

पहले हाफ में शानदार खेल दिखाने के बाद दिल्ली ने हाफ-टाइम तक अपनी बढ़त बनाए रखी. मेहमान टीम ने दूसरे हाफ में वापसी की और ली इरविन ने 56वें मिनट में गोल कर मैच को बराबरी पर ला दिया. चार मिनट बाद मिगुएल फिगुएरा ने गोल करके मोहन बागान को निर्णायक बढ़त दिला दी.

आखिरी समय में भी दोनों टीमों ने गोल करने की कोशिशें जारी रखीं, लेकिन सफलता किसी टीम को नहीं मिली. समीर जेल्जकोविच ने बॉक्स के अंदर से नोरा फर्नांडीस को परखा, जबकि अल्बर्टो रोड्रिगेज ने कॉर्नर के बाद हेडर से क्रॉसबार के ऊपर से शॉट मारा. मनवीर सिंह ने भी मैच के आखिर में एससी दिल्ली के गोलकीपर को बचाव करने के लिए मजबूर किया, क्योंकि मेहमान टीम अपनी बढ़त बढ़ाना चाहती थी.

एससी दिल्ली के लिए लालरिनलियाना हनामते ने 90+6वें मिनट में क्रॉसबार के ऊपर से शॉट मारा. लेकिन, मेरिनर्स ने आखिरी पलों तक टिके रहकर 2-1 से जीत हासिल की और दूसरे हाफ में शानदार वापसी करके तीनों पॉइंट्स हासिल किए.

सीजन अभी शुरुआती दौर में है. एससी दिल्ली घरेलू सपोर्ट का फायदा उठाना चाहेगी और अगले मैचों में जीत हासिल करना चाहेगी.

–

पीएके