‎आनंद महिंद्रा ने बिहार को बताया पर्यटन की ‘सोने की खान’, मंत्री नीतीश मिश्रा बोले-राज्य की विविधता को जानने की जरूरत

Patna, 16 नवंबर . बिहार की ऐतिहासिक विरासत और पर्यटन की संभावनाओं ने देश के प्रसिद्ध उद्योगपति आनंद महिंद्रा को आकर्षित किया है. राजगीर का एक वीडियो देखने के बाद उन्होंने social media प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए बिहार को पर्यटन के लिहाज से ‘सोने की खान’ बताया. उनकी पोस्ट पर बिहार के मंत्री नीतीश मिश्रा ने जवाब देते हुए कहा कि बिहार केवल इतिहास और तीर्थयात्रा का केंद्र नहीं, बल्कि ऐसा राज्य है जिसकी विविधता को करीब से जानने की जरूरत है. ‎

‎आनंद महिंद्रा ने राजगीर का वीडियो साझा करते हुए लिखा कि इसे देखकर वह काफी आकर्षित हुए. राजगीर के बारे में उन्हें थोड़ी-बहुत जानकारी थी लेकिन उन्होंने कभी इसे पर्यटन स्थल के रूप में नहीं देखा था. इसके इतिहास और विशेषताओं के बारे में पढ़ना उनके लिए बेहद दिलचस्प अनुभव रहा. उन्होंने लिखा कि करीब 2,500 साल पहले राजगीर मगध की राजधानी हुआ करता था. भगवान बुद्ध और भगवान महावीर दोनों ने यहां समय बिताया था. कभी यह शहर करीब 40 किलोमीटर लंबी विशाल पत्थर की दीवार से घिरा था, जिसका निर्माण बिना सीमेंट या चूने के किया गया था. आज यहां ग्लास स्काईवॉक, रोपवे, घने जंगलों वाली पहाड़ियां और प्राचीन स्मारक पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. ‎ ‎

आनंद महिंद्रा ने बिहार की व्यापक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए बोधगया, नालंदा, वैशाली और पाटलिपुत्र का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि एक ही राज्य में इतिहास और विरासत का इतना अद्भुत खजाना मौजूद है. बोधगया में भगवान बुद्ध को ज्ञान प्राप्त हुआ था, नालंदा प्राचीन दुनिया के महान शिक्षा केंद्रों में शामिल था, वैशाली शुरुआती गणतंत्रात्मक शासन प्रणालियों में से एक से जुड़ा है और पाटलिपुत्र सम्राट अशोक के मौर्य साम्राज्य की राजधानी रहा है. ‎ ‎उन्होंने कहा कि कुछ प्रमुख तीर्थ स्थलों को छोड़ दें तो पर्यटन स्थल के रूप में बिहार पर अपेक्षाकृत कम ध्यान दिया जाता है. बिहार पर्यटन के लिहाज से किसी ‘सोने की खान’ से कम नहीं है. राजगीर के एक वीडियो ने उन्हें यह सोचने पर मजबूर किया कि अपने ही देश में अभी बहुत कुछ ऐसा है, जिसे खोजा जाना बाकी है.

आनंद ‎महिंद्रा की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री नीतीश मिश्रा ने बिहार की पर्यटन संभावनाओं को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि वर्ष 2024-25 में बिहार के पर्यटन मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल बेहद यादगार और अनुभव से परिपूर्ण रहा. इस दौरान उन्हें राज्य की विविधता और यहां मौजूद खजानों को देखने-समझने का अवसर मिला. उन्होंने कहा कि जितना अधिक उन्होंने बिहार को जाना, उतना ही एहसास हुआ कि राज्य के पास देने के लिए कितना कुछ है. ‎ ‎

नीतीश मिश्रा ने पुनौराधाम में माता सीता की जन्मस्थली से लेकर गया के विष्णुपद मंदिर, बोधगया और राजगीर के आध्यात्मिक स्थलों तथा नालंदा और विक्रमशिला के प्राचीन शिक्षा केंद्रों का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि बिहार के पास असाधारण सभ्यतागत और आध्यात्मिक विरासत है. धार्मिक और विरासत पर्यटन के अलावा राज्य में इको-टूरिज्म, जल पर्यटन और एडवेंचर टूरिज्म की भी अपार संभावनाएं हैं. यहां खूबसूरत पहाड़ियां, झरने, वन्यजीव अभयारण्य और वाल्मीकि टाइगर रिजर्व जैसे आकर्षण मौजूद हैं. ‎

‎मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि बिहार पर्यटन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, कनेक्टिविटी सुधारने और पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित करने की दिशा में काम कर रहा है, ताकि यहां आने वाले लोगों को यादगार अनुभव मिल सके. उन्होंने कहा कि समृद्ध विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और निरंतर प्रयासों के जरिए बिहार के पर्यटन स्थलों को देश और दुनिया के सामने लाने की जरूरत है. ‎ ‎

उन्होंने कहा कि बिहार केवल इतिहास और तीर्थयात्रा का केंद्र नहीं है, बल्कि ऐसा राज्य है जिसकी विविधता को करीब से जानने की जरूरत है. नीतीश मिश्रा ने आनंद महिंद्रा और उनके परिवार को छठ महापर्व की शुभकामनाएं भी दीं. ‎

–

‎एमएनपी/पीएम‎