आचार्य श्री सुदर्शन जी महाराज के पोते आदित्य सिंह सुदर्शन का फिल्मी डेब्यू, ‘द मॉन्स्टर माइंड्स’ में बने लीड हीरो

Patna, 21 सितंबर . बिहार की राजधानी Patna के रहने वाले आदित्य सिंह सुदर्शन अब फिल्मी दुनिया में अपनी नई पहचान बनाने के लिए तैयार हैं. आध्यात्मिक और सामाजिक परिवार से ताल्लुक रखने वाले आदित्य फिल्म ‘द मॉन्स्टर माइंड्स’ से बतौर लीड हीरो एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं. उनके दादा आचार्य श्री सुदर्शन जी महाराज हैं, जबकि उनके पिता पूर्व राज्यमंत्री अमिताभ गुंजन चुन्नू हैं. ऐसे परिवार से आने के बावजूद आदित्य एक्टिंग की दुनिया में अपनी पहली पारी शुरू करने जा रहे हैं.

मोशन पल्स के बैनर तले बनी ‘द मॉन्स्टर माइंड्स’ को India की पहली और सबसे बड़ी नियो-नोयर साइकोलॉजिकल सर्वाइवल थ्रिलर बताया जा रहा है. फिल्म में रहस्य, रोमांच, एक्शन और कई ऐसे विजुअल्स देखने को मिलेंगे, जो कहानी को और खास बनाने वाले हैं.

आदित्य की पहचान सिर्फ उनके परिवार की वजह से नहीं है. वह अपनी फिटनेस और एक्टिविटीज को लेकर भी काफी गंभीर हैं. गोल्फ, शूटिंग, कराटे और पोलो जैसे खेलों से उनका जुड़ाव रहा है. इसके अलावा, जिम और फिटनेस भी उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है. आदित्य का मानना है कि किसी भी काम में आगे बढ़ने के लिए शरीर और दिमाग दोनों का मजबूत होना भी जरूरी है. यही वजह है कि फिल्मों में आने से पहले वह खुद को हर तरह से तैयार करने पर ध्यान दे रहे हैं.

आदित्य बताते हैं कि उनके माता-पिता बचपन से ही उन्हें प्यार से ‘हीरो बेटा’ कहकर बुलाते थे. शायद यही शब्द धीरे-धीरे उनके मन में घर करता गया. उनके मन में सवाल उठने लगा कि आखिर असली हीरो होता कौन है? इसी सवाल का जवाब तलाशते हुए उन्होंने एक्टिंग की दुनिया की ओर कदम बढ़ाया. उनके लिए Actor बनना सिर्फ उनका एक सपना नहीं है. यह परिवार और उन हजारों लोगों का भी है, जिन्होंने हमेशा उन पर भरोसा किया और उनका साथ दिया. वह परिवार के साथ-साथ उन सभी लोगों की उम्मीदों को पूरा करना भी जिम्मेदारी मानते है. यही भरोसा उन्हें लगातार मेहनत करने की ताकत देता है.

अपनी डेब्यू फिल्म ‘द मॉन्स्टर माइंड्स’ को लेकर आदित्य काफी उत्साहित हैं. वह इसे अपने लिए बेहद खास फिल्म बताते हैं. फिल्म के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ”यह बहुत रेयर फिल्म है, एक मास्टरपीस है. इस फिल्म के लिए मैंने काफी मेहनत की है और मेरी तैयारी अभी भी जारी है. मैं चाहता हूं कि दर्शक सिनेमाघरों में जाकर फिल्म देखें और पूरी टीम को अपना प्यार दें. मेरी कोशिश है कि ‘द मॉन्स्टर माइंड्स’ दर्शकों के बीच अपनी एक अलग पहचान बनाए.”

उन्होंने कहा, ”महादेव और माता-पिता के आशीर्वाद से मेरे जीवन में बहुत कुछ नया आने वाला है. मैं सिर्फ देश में ही नहीं, बल्कि इंटरनेशनल लेवल पर भी अपनी पहचान बनाना चाहता हूं. मेरा सपना है कि मैं भारत, अपनी जन्मभूमि बिहार और बिहार के लोगों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर रिप्रेजेंट करूं. लोगों का प्यार, भरोसा और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है और मैं इसी के सहारे अपने सपनों को पूरा करना चाहता हूं.”

फिल्म का निर्देशन सुनील सिरवैया कर रहे हैं. उन्हें जी सिने अवार्ड्स से सम्मानित किया जा चुका है. वह ‘बनवास’ और ‘जीनियस’ जैसी फिल्मों में राइटिंग का काम भी कर चुके हैं. ‘द मॉन्स्टर माइंड्स’ के जरिए वह डायरेक्शन में कदम रख रहे हैं. फिल्म के म्यूजिक की जिम्मेदारी मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर अंजन भट्टाचार्य संभाल रहे हैं. अंजन भट्टाचार्य ‘बेबी डॉल’, ‘हैंगओवर’, और ‘पार्टी तो बनती है’ जैसे लोकप्रिय गानों से जुड़े रहे हैं.

पीके/एएस