
चेन्नई, 2 सितंबर . पैन इंडिया स्टार दुलकर सलमान इन दिनों अपनी आने वाली एक्शन फिल्म ‘आई एम गेम’ को लेकर चर्चा में हैं. निर्देशक नहास हिदायत की इस फिल्म का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है. फिल्म की रिलीज से पहले चेन्नई में इसका प्री-रिलीज इवेंट आयोजित किया गया, जहां दुलकर सलमान ने अपने को-स्टार कथिर की जमकर तारीफ की. दुलकर ने बताया कि वह खुद कथिर के फैन हैं और उन्हें उनके अभिनय में एक अलग ही गहराई नजर आती है.
इवेंट के दौरान दुलकर ने कथिर को संबोधित करते हुए कहा, ”कथिर भाई, मैं आपका बहुत बड़ा फैन हूं. आप तो पैदाइशी कलाकार हैं. जब भी आप पर्दे पर अभिनय करते हैं तो आपका अभिनय बेहद सहज नजर आता है. आपके अभिनय को देखकर ऐसा बिल्कुल नहीं लगता कि आप किसी तरह की मेहनत कर रहे हैं, बल्कि सब कुछ बहुत स्वाभाविक तरीके से होता हुआ दिखाई देता है.”
दुलकर ने कहा, ”कथिर का अभिनय काफी असरदार है. वह जिस तरह से अपने किरदार को निभाते हैं, उसमें एक अलग तरह की गहराई दिखाई देती है.”
फिल्म में कथिर एक क्रिकेटर का किरदार निभा रहे हैं. इस किरदार को लेकर कथिर ने कहा, ”मैंने असल जिंदगी में कभी ठीक से क्रिकेट नहीं खेला. मैंने पूरी जिंदगी में मुश्किल से चार बार क्रिकेट खेला होगा और वह भी स्कूल के दिनों में. उस समय भी मैं सामान्य क्रिकेट नहीं, बल्कि ‘पैड क्रिकेट’ खेलता था.”
कथिर ने कहा, ”जब निर्देशक नहास हिदायत ने मुझे फिल्म की कहानी सुनाई और बताया कि मुझे क्रिकेट टीम के कप्तान की भूमिका निभानी है तो मैं हैरान रह गया. मैंने निर्देशक से पूछा कि क्या वह सच में मेरे जैसे व्यक्ति को क्रिकेट टीम के कप्तान के रूप में दिखाना चाहते हैं?, इस पर उन्होंने बिना किसी झिझक के हां कहा. सच में उनके अंदर हिम्मत और जोखिम उठाने की क्षमता है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि उनके अलावा, कोई दूसरा निर्देशक इतना बड़ा जोखिम ले सकता है.”
कथिर ने आगे मजाकिया अंदाज में कहा कि वह इस फिल्म के बाद क्रिकेट से संन्यास ले रहे हैं. इस पर जब एक ने उनसे सवाल पूछा कि वह ऐसा क्यों कह रहे हैं, तो कथिर ने कहा, ”मैंने फिल्म में जितना अच्छा क्रिकेट खेल लिया है, उससे बेहतर अब मैं कुछ नहीं कर सकता. क्रिकेट मेरे लिए विरासत जैसी है और अब मैं इससे आगे नहीं जा सकता.”
इस पर दुलकर सलमान ने कहा कि भले ही कथिर को लगता हो कि उनका क्रिकेट अच्छा नहीं है, लेकिन फिल्म में वह शानदार नजर आ रहे हैं. फिल्म में वह क्रिकेट टीम के कप्तान के रूप में पूरी तरह प्रभावशाली लग रहे हैं.
इसी बीच फिल्म को सेंसर बोर्ड से भी हरी झंडी मिल गई है. फिल्म को यू/ए 16 प्लस प्रमाणपत्र दिया गया है. फिल्म का निर्माण करने वाली कंपनी वेफेयर फिल्म्स ने social media पर इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि फिल्म अब सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है.
बता दें कि ‘आई एम गेम’ पहले 20 अगस्त को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी. हालांकि, निर्माताओं ने बाद में इसकी रिलीज तारीख आगे बढ़ाकर 3 सितंबर कर दी. दुलकर सलमान ने रिलीज टलने की जानकारी देते हुए कहा था कि फिल्म की रिलीज अब बड़े स्तर पर की जाएगी. उन्होंने दर्शकों से देरी के लिए माफी मांगते हुए बताया था कि फिल्म मलयालम, तमिल, तेलुगु, हिंदी और कन्नड़ भाषाओं में एक साथ रिलीज होगी.
–
पीके/पीएम
Skip to content