आईएनएस त्रिशूल ने मिस्र के सफागा नौसैनिक अड्डे की यात्रा पूरी की, भारत-मिस्र रक्षा सहयोग को मिली मजबूती

काहिरा/New Delhi, 11 नवंबर . भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस त्रिशूल ने अपनी जारी परिचालन तैनाती के तहत मिस्र के सफागा नौसैनिक अड्डे की यात्रा सफलतापूर्वक पूरी कर ली है. India और मिस्र के बीच बढ़ते रक्षा और समुद्री सहयोग को और मजबूत करने वाला रहा.

रक्षा मंत्रालय ने बताया क‍ि यह यात्रा India और मिस्र के बीच बढ़ते रक्षा और समुद्री सहयोग को और मजबूत करने वाली रही. खास तौर पर अप्रैल 2026 में काहिरा में आयोजित भारत-मिस्र संयुक्त रक्षा समिति (जेडीसी) की 11वीं बैठक के बाद दोनों देशों के रक्षा संबंधों को नई गति मिली है.

11वीं जेडीसी बैठक ने सितंबर 2022 में हस्ताक्षरित रक्षा सहयोग समझौता के तहत तय प्रतिबद्धताओं को आगे बढ़ाने के लिए एक मजबूत संस्थागत ढांचा प्रदान किया. इसके अलावा, 2023 में दोनों देशों के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा मिलने से सहयोग और भी गहरा हुआ है.

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, दौरे के दौरान आईएनएस त्रिशूल के कमांडिंग ऑफिसर ने मिस्र के रेड सी नेवल बेस के कमांडर रियर एडमिरल एमडी अब्द एल मकसूद से मुलाकात की. बातचीत के दौरान स्वेज की खाड़ी में समुद्री सुरक्षा और लाल सागर के रणनीतिक महत्व पर चर्चा हुई.

जहाज के चालक दल ने मिस्र की नौसेना के युद्धपोत ईएनएस पोर्ट सईद (976) का भी दौरा किया. इस दौरान उन्हें जहाज की परिचालन क्षमताओं और मिस्री नौसेना की कार्यप्रणाली को करीब से समझने का मौका मिला. इस यात्रा के दौरान भारतीय और मिस्री नौसेना के अधिकारियों और जवानों के बीच कई पेशेवर कार्यक्रम आयोजित किए गए. इनमें आपसी मुलाकातें, अनुभव साझा करना और संयुक्त गोताखोरी (डाइविंग) प्रशिक्षण शामिल रहा.

इन गतिविधियों से दोनों नौसेनाओं को परिचालन अनुभवों के आदान-प्रदान, बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा करने और एक-दूसरे को बेहतर समझने का अवसर मिला. यह यात्रा India और मिस्र के बीच लंबे समय से चले आ रहे रक्षा संबंधों तथा समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता के प्रति उनकी साझा प्रतिबद्धता को एक बार फिर मजबूत करने वाली साबित हुई. सभी निर्धारित कार्यक्रम पूरे करने के बाद आईएनएस त्रिशूल अपनी परिचालन तैनाती के अगले चरण के लिए रवाना हो गया.

पिछले सप्ताह आईएनएस त्रिशूल ने ग्रीस के सौडा-बे का दौरा भी पूरा किया था. यह यात्रा भूमध्य सागर में उसकी तैनाती का हिस्सा थी. भारतीय नौसेना के अनुसार, इस दौरे से भारतीय नौसेना और हेलेनिक नौसेना के बीच समुद्री सहयोग को और मजबूत करने का अवसर मिला. इस दौरान पेशेवर चर्चाएं, परिचालन मुद्दों पर विचार-विमर्श और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए.

यात्रा के दौरान आईएनएस त्रिशूल के कमांडिंग ऑफिसर ने हेलेनिक नौसेना के वरिष्ठ अधिकारियों, नाटो मैरीटाइम इंटरडिक्शन ऑपरेशनल ट्रेनिंग सेंटर (एनएमआईओटीसी) और अमेरिकी नेवल सपोर्ट एक्टिविटी (एनएसए), सौडा-बे के प्रमुखों से भी मुलाकात की.

इन बैठकों में परिचालन सहायता, लॉजिस्टिक्स सहयोग और मित्र देशों की नौसेनाओं के बीच आपसी समर्थन जैसे विषयों पर चर्चा हुई. साथ ही साझा हितों के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के नए अवसरों पर भी विचार किया गया.भारतीय और ग्रीक नौसेना के कर्मियों के बीच आपसी दौरे और पेशेवर बातचीत भी हुई. हेलेनिक नौसेना के अधिकारियों ने आईएनएस त्रिशूल का दौरा किया और जहाज की क्षमताओं तथा उसकी कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी हासिल की.

इन कार्यक्रमों से दोनों नौसेनाओं के जवानों को एक-दूसरे के अनुभवों और कामकाज की शैली को समझने का अवसर मिला, जिससे भविष्य में आपसी सहयोग और मजबूत होने की उम्मीद है.

–

एवाई/डीकेपी