असम में सुरक्षित पकड़ी गई बक्सा टाइगर रिजर्व की बाघिन बीटी-वन: जयंत मल्ला बरुआ

गुवाहाटी, 3 अक्टूबर . पश्चिम बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व की बाघिन बीटी वन को असम में सुरक्षित पकड़ लिया गया है. ये जानकारी असम के वित्त मंत्री जयंत मल्ला बरुआ ने social media पर दी.

बरुआ ने social media प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि अंतरराज्यीय समन्वय और वन्यजीव संरक्षण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का एक सराहनीय उदाहरण! पश्चिम बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व की बाघिन बीटी वन को असम में सुरक्षित पकड़ लिया गया है. यह सफलता पश्चिम बंगाल और बीटीआर की वन टीमों के समन्वित अभियान के बाद संभव हुई, जिसमें जिला प्रशासन, Police और स्थानीय समुदायों का सहयोग भी शामिल था.

उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर 2026 को बक्सा में जंगल में छोड़ी गई बीटी वन ने असम में 100 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की और अंततः बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र के रायमोना राष्ट्रीय उद्यान पहुंच गई. 23 अक्टूबर से वह वन क्षेत्रों से होते हुए कोकराझार में मानव बस्तियों के पास पहुंची, जिससे बाघिन और आसपास के निवासियों दोनों की सुरक्षा के लिए समय पर हस्तक्षेप करना आवश्यक हो गया.

इसके बाद राज्य सीमाओं के पार एक सुनियोजित और समन्वित प्रयास किया गया. पश्चिम बंगाल और असम के वन अधिकारियों ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखने, स्थिति का आकलन करने और उसे सुरक्षित पकड़ने के लिए मिलकर काम किया.

बरुआ ने बताया कि वन्यजीव प्रशासनिक सीमाओं को नहीं पहचानते, और इस तरह की घटनाएं हमें याद दिलाती हैं कि संरक्षण के लिए राज्यों के बीच सहयोग कितना महत्वपूर्ण है, खासकर उन भू-भागों में जहां जानवरों की आवाजाही संरक्षित क्षेत्रों और मानव बस्तियों तक फैली हुई है.

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल और असम की वन टीमों, जिला प्रशासन, Police कर्मियों और स्थानीय समुदायों को मेरी हार्दिक बधाई, जिनके सहयोग से यह अभियान संभव हो पाया. बीटी वन सुरक्षित है, और यही सबसे महत्वपूर्ण है. यह इस बात का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है कि अंतरराज्यीय समन्वय वन्यजीव संरक्षण के लिए सार्थक परिणाम कैसे दे सकता है.

–

एमएस/