अल्माटी ओपन: रुबलेव को मात देकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचे मैनारिनो

अल्माटी (कजाकिस्तान), 21 अक्टूबर . फ्रांस के एड्रियन मैनारिनो ने कजाखस्तान में जारी ‘अल्माटी ओपन’ में बड़ा उलटफेर करते हुए रूस के चौथी वरीयता प्राप्त आंद्रे रुबलेव को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली.

इस जीत के साथ मैनारिनो ने अल्माटी ओपन में अपने शानदार रिकॉर्ड को भी बरकरार रखा. वह एटीपी 250 स्तर के इस टूर्नामेंट में चौथी बार अंतिम आठ (क्वार्टर फाइनल) में पहुंचने में सफल रहे. अब फ्रांसीसी खिलाड़ी का सामना निकोलोज बासिलाश्विली से होगा, जिन्होंने फाकुंडो डियाज एकोस्टा को 6-2, 6-4 से हराया.

इस जीत के साथ, फ्रांसीसी खिलाड़ी मैनारिनो ने टूर्नामेंट में कुल 13 जीत दर्ज की हैं, जो एक रिकॉर्ड है. इसमें 2023 में उनका खिताब जीतना और 2020 में फाइनल तक पहुंचना शामिल है.

Wednesday को रुबलेव के खिलाफ शानदार खेल दिखाते हुए मैनारिनो ने अपनी बेहतरीन टाइमिंग से 29 वर्षीय रुबलेव को काफी छकाया. मैच के दौरान सर्विस करते समय उन्होंने संयम बनाए रखा और अपने तीसरे मैच प्वाइंट पर जीत सुनिश्चित की. यह टूर्नामेंट एक इनडोर हार्ड-कोर्ट पर खेला जा रहा है.

मैनारिनो अपने करियर के 66वें टूर-लेवल क्वार्टर फाइनल में पहुंचे हैं, और इस साल यह उनका चौथा क्वार्टर फाइनल है. 38 वर्षीय खिलाड़ी ने इस साल इनडोर हार्ड कोर्ट पर अच्छा प्रदर्शन किया है. उनका सबसे अच्छा परिणाम मोंटपेलियर में रहा, जहां वे फाइनल तक पहुंचे थे.

‘इन्फोसिस एटीपी विन/लॉस इंडेक्स’ के अनुसार, पिछले महीने हांगझोऊ में रुबलेव फाइनल तक पहुंचे थे, लेकिन अब वे अपने पिछले लगातार तीन मैच हार चुके हैं. इससे पहले जेम्स डकवर्थ ने इस साल अपनी पहली ‘टॉप-30’ जीत हासिल की. ​​उन्होंने वर्ल्ड नंबर 23 और दूसरे वरीय खिलाड़ी लुसियानो डार्डेरी को 7-5, 7-6(7) से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई. विंस्टन-सेलम में इस सीजन के सेमीफाइनल तक पहुंचने वाले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी डकवर्थ ने दूसरे सेट के टाई-ब्रेक में एक सेट पॉइंट बचाया. अब क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला सातवें वरीय स्टेफानोस सितसिपास से होगा, जिन्होंने मिखाइल कुकुश्किन को 6-1, 6-2 से हराया.

38 वर्षीय कुकुश्किन अपने करियर के आखिरी टूर-लेवल टूर्नामेंट में खेल रहे थे. उन्होंने 2006 में पेशेवर खिलाड़ी के रूप में शुरुआत की थी. कुकुश्किन ने 2010 में सेंट पीटर्सबर्ग में एक टूर-लेवल ट्रॉफी जीती थी. अपने करियर में उन्होंने ‘टॉप-10’ खिलाड़ियों के खिलाफ चार जीत हासिल कीं, जिनमें 2014 में बेसल में तत्कालीन वर्ल्ड नंबर 4 स्टेन वावरिंका के खिलाफ मिली जीत सबसे खास रही.

टोमास मचाक ने कजाकिस्तान के 18 वर्षीय वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी जंगार नुरलानुली को 6-2, 6-0 से हराकर आसानी से दूसरे दौर में प्रवेश किया. मटिया बेलुची भी दूसरे दौर में पहुंच गए हैं; उन्होंने टोमास मार्टिन एचेवेरी को 2 घंटे 32 मिनट तक चले मुकाबले में 7-6 (5), 2-6, 6-4 से हराया.

–

आरएसजी/डीकेपी