अलीगढ़ : पुलिस स्टिकर लगी कार ने कई वाहनों को मारी टक्कर, गर्भवती महिला समेत कई घायल

अलीगढ़ , 8 नवंबर . अलीगढ़ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मीनाक्षी फ्लाईओवर पर सफेद रंग की तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी. हादसे में एक गर्भवती महिला फ्लाईओवर से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं. घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे के बाद कार सवार चालक और उसके साथी मौके से फरार हो गए.

जानकारी के मुताबिक, गर्भवती महिला अपने पति के साथ स्कूटी से जा रही थी. इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी. टक्कर लगने से महिला उछलकर फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी. गंभीर रूप से घायल महिला को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है.

इसके अलावा, कार ने एक अन्य दोपहिया वाहन को भी टक्कर मारी. हादसे में वाहन चला रहे व्यक्ति की उंगली कट गई. बताया जा रहा है कि दुर्घटना में तीन से चार लोग घायल हुए हैं. कार के शीशे पर Police का स्टिकर लगा हुआ था. वहीं, डैशबोर्ड पर Police की कैप रखी थी और कार के अंदर शराब तथा बीयर की बोतलें भी मिलीं.

हादसे की प्रत्यक्षदर्शी ज्योति ने Police की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि वह अपने बेटे के साथ वहां से गुजर रही थीं, तभी उन्होंने एक घायल महिला को सड़क पर पड़ा देखा. स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन एंबुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने के कारण घायल महिला को ई-रिक्शा से अस्पताल भेजना पड़ा.

ज्योति का आरोप है कि Police चौकी के सामने हादसा होने के बावजूद Police को मौके पर पहुंचने में करीब 30 से 45 मिनट लग गए. उन्होंने यह भी बताया कि हादसे में घायल महिला की बेटी के भी चोटिल होने की जानकारी मिली है. कार में बीयर की बोतल, नमकीन और Police की कैप होने का दावा करते हुए उन्होंने Police की भूमिका पर नाराजगी जताई.

एसपी सिटी आदित्य बंसल ने बताया कि हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया. Police वाहन की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर साक्ष्य जुटा रही है. कार मालिक, चालक और उसमें सवार अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

–

एएस