अयोध्या में 14-कोसी परिक्रमा के लिए तैयारी पूरी, सुरक्षा से लेकर सफाई तक पुख्ता इंतजाम

अयोध्या, 17 नवंबर . अयोध्या में आगामी दिनों में होने वाली 14-कोसी परिक्रमा, पंचकोसी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर Police, प्रशासन और नगर निगम ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, सफाई, पेयजल और शौचालय की विशेष व्यवस्था की गई है.

एसएसपी गौरव ग्रोवर ने बताया कि आगामी दिनों में जनपद अयोध्या में 14-कोसी परिक्रमा, पंचकोसी परिक्रमा, कार्तिक पूर्णिमा स्नान और अन्य आयोजन होने हैं. इसके मद्देनजर Police और प्रशासनिक अधिकारियों की सेक्टरवार ड्यूटी लगा दी गई है.उन्होंने कहा कि कमिश्नर, डीआईजी और एडीजी के निर्देशन में सभी अधिकारियों और सभी विभागों द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर लिया गया है और तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

यातायात व्यवस्था को लेकर एसएसपी ने बताया कि एक व्यापक ट्रैफिक प्लान बनाया गया है. भारी वाहनों का डायवर्जन सीमावर्ती जनपदों के समन्वय से किया जा रहा है. अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और परिक्रमार्थियों के वाहनों की पार्किंग के लिए विशेष सुविधा की गई है.

स्नान को देखते हुए घाटों को अलग जोन बनाते हुए सुरक्षा का विशेष प्रबंध किया गया है. पूरे परिक्रमा मार्ग को cctv कैमरों से आच्छादित किया गया है और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की स्थापना की गई है. उन्होंने कहा कि आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगमता को ध्यान में रखते हुए सारी तैयारियां पूरी कर दी गई हैं.

वहीं, नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने परिक्रमा मार्ग पर सफाई और मूलभूत सुविधाओं की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि परिक्रमा मार्ग पर लगभग एक हजार सफाई कर्मचारी तैनात किए गए हैं. मार्ग पर 471 बायो टॉयलेट स्थापित किए गए हैं. इसके अतिरिक्त 30 से अधिक मोबाइल टॉयलेट भी लगाए गए हैं, जबकि स्थायी शौचालय पहले से ही मौजूद हैं.

पेयजल व्यवस्था के लिए परिक्रमा मार्ग पर लगभग 35 वाटर एटीएम स्थापित किए गए हैं और अन्य व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं. उन्होंने कहा कि आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए लाइट, शौचालय और पेयजल जैसी सभी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी.

–

पीआईएम/पीएम