
झांसी, 13 नवंबर . झांसी में एक किलो देसी घी की कीमत सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे. यहां तैयार होने वाले खास हर्बल देसी घी की कीमत 30 हजार रुपए प्रति किलो बताई जा रही है. इस अनोखी पहल के पीछे अमेरिका से पढ़ाई करने वाली चार्टर्ड अकाउंटेंट तान्या बंसल हैं.
शादी के बाद उन्होंने बड़ी कंपनी में नौकरी करने के बजाय परिवार की घाटे में चल रही गोशाला की जिम्मेदारी संभाली और उसे एक खास डेयरी मॉडल के रूप में विकसित करने की शुरुआत की.
झांसी की इस गोशाला में दाखिल होते ही आपको देसी नस्ल की गायों का बड़ा कुनबा नजर आएगा. यहां 350 से ज्यादा गिर और साहीवाल नस्ल की गायों का पालन किया जा रहा है. गोशाला की पहचान अब सिर्फ दूध और घी के उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे एक व्यवस्थित डेयरी कारोबार के रूप में विकसित किया जा रहा है.
अमेरिका से पढ़ाई और चार्टर्ड अकाउंटेंट की डिग्री हासिल करने वाली तान्या की शादी वर्ष 2018 में झांसी में हुई थी. शादी के बाद उन्हें परिवार की पुरानी गोशाला के घाटे में चलने की जानकारी मिली. इसके बाद उन्होंने इसकी जिम्मेदारी संभाली. अपनी वित्तीय समझ का इस्तेमाल करते हुए गोशाला के संचालन, दूध उत्पादन, पैकेजिंग और मार्केटिंग की व्यवस्था को बेहतर बनाने पर काम किया.
से बात करते हुए गो संवर्धन संचालिका तान्या बंसल ने कहा, “झांसी में 2007 से हमने इसका व्यापार शुरू किया था. हमारे पास तीन प्रकार के घी हैं. एक हमारा हर रोज घी बनता है, एक पूर्णिमा के दिन बनता है और एक जड़ी-बूटी घी बनता है. जड़ी-बूटी घी के लिए हम दो गायों को अलग डाइट देते हैं.”
उन्होंने बताया, “इसमें तुलसी, नीम के पत्तियों और कई अन्य हर्ब्स खिलाते हैं, जिसमें अश्वगंधा, ब्राह्मी, वृक्ष, सतावर, जटामांसी शामिल होता है. यह बाल और स्किन के लिए अच्छा होता है. ये हर्ब्स गाय के घी में आ जाती हैं जिन्होंने इसका उपयोग किया है. उनके ऊर्जा का स्तर बढ़ गया है. वे घी को मेडिसन की तरह उपयोग करते हैं.”
तान्या ने अपनी यात्रा के बारे में बताया, “लोग पहले रेगुलर घी लेते हैं, फिर पूर्णिमा वाला और जब विश्वास बढ़ता है तो जड़ी-बूटी वाला ट्राई करते हैं. 10वीं और 12वीं मैंने दिल्ली में ही किया है. उसके बाद सीए की पढ़ाई पूरी की. शादी के बाद हम झांसी आ गए. गोशाला पहले से चल रहा था और बाद में मैंने गोशाला के कमर्शियल का काम किया. हमारा पहला प्रोडक्ट गोबर के दीए थे, उसके बाद गो माता की कृपा से हम आगे बढ़े.”
इस गोशाला की सबसे ज्यादा चर्चा 30 हजार रुपए किलो कीमत वाले हर्बल देसी घी को लेकर है. संचालिका के मुताबिक, विशेष जड़ी-बूटियां खिलाई जाने वाली दो खास गायों के दूध से यह घी तैयार किया जाता है. इसकी कीमत सामान्य देसी घी के मुकाबले काफी ज्यादा है. दावा है कि इस घी की मांग के चलते ग्राहकों को ऑर्डर देने के बाद करीब 90 दिन तक इंतजार करना पड़ता है.
तान्या का कहना है कि यह घी सिर्फ खाने के लिए नहीं, बल्कि सेहत के लिए एक पारंपरिक उपाय के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है. यही वजह है कि एक बार इस्तेमाल करने वाले लोग दोबारा ऑर्डर करते हैं. गोशाला में गायों की देखभाल, साफ-सफाई और उनके खानपान पर विशेष ध्यान दिया जाता है. देसी नस्ल की गायों के संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी रोजगार मिल रहा है.
आज यह गोशाला झांसी ही नहीं, बल्कि बाहर के लोगों के लिए भी चर्चा का विषय बन गई है. घाटे में चल रही गोशाला को मुनाफे और पहचान दिलाने वाली तान्या बंसल की कहानी बताती है कि परंपरा और आधुनिक प्रबंधन साथ मिल जाएं तो गोपालन भी एक सफल उद्यम बन सकता है.
–
एससीएच/
Skip to content