अमेरिका में नशीली दवाएं सप्लाई करने वाले अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का भंडाफोड़, भारत में 6 सप्लायर गिरफ्तार

New Delhi, 20 नवंबर . India के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और अमेरिका के ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (डीईए) ने एक संयुक्त अभियान ‘मानसून थंडर’ के तहत संगठित अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के भारतीय मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है. यह नेटवर्क कथित तौर पर अमेरिका में उपभोक्ताओं को साइकोट्रोपिक पदार्थों और ओपिओइड-एनआरएक्स दवाओं की अवैध सप्लाई में शामिल था.

खुफिया जानकारी के आधार पर एनसीबी ने हैदराबाद, दिल्ली, कोलकाता और Lucknow सहित कई स्थानों पर छापेमारी की और 4 से 13 नवंबर के बीच छह लोगों को गिरफ्तार किया, जो इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का हिस्सा थे. जांच से पता चला है कि यह नेटवर्क पूरे अमेरिका में उपभोक्ताओं को साइकोट्रोपिक पदार्थ और ओपिओइड-एनआरएक्स दवाएं सप्लाई करने का काम कर रहा था. अब तक जांचे गए रिकॉर्ड और डिजिटल सबूतों से पता चला है कि जून 2022 से नवंबर 2026 के बीच इस नेटवर्क ने पूरे अमेरिका में लगभग 3,000 पार्सल भेजे, जिनमें करीब पांच लाख गोलियां थीं.

जांच के दौरान एनसीबी ने 1,500 से अधिक गोलियों वाले कई ऐसे पार्सल का पता लगाया, जिन्हें अमेरिका में अलग-अलग जगहों पर पहुँचाया जाना था. प्रवर्तन कार्रवाई के लिए डीईए के साथ महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई. डीईए ने दो खेप जब्त कर ली हैं. इसके अलावा, 59,000 से अधिक ग्राहकों का डेटाबेस भी डीईए के साथ साझा किया गया है. इसमें लेनदेन, पिछली खेपों का विवरण, डिलीवरी पते, यूएसपीएस ट्रैकिंग आईडी और दवाओं के प्रकार जैसी जानकारी शामिल है.

जांच से पता चलता है कि भारतीय ऑपरेटरों को टेलीग्राम, स्काइप और व्हाट्सऐप जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए दवाओं के ऑर्डर मिलते थे. इसके बाद अमेरिका में काम कर रहा यह नेटवर्क, यूनाइटेड स्टेट्स पोस्टल सर्विस (यूएसपीएस) और अन्य डिलीवरी माध्यमों से इन दवाओं की खेप भेजता था.

डीईए फिलहाल India के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो से मिली जानकारी के आधार पर जांच कर रही है. जांच में यह भी सामने आया है कि भारतीय ऑपरेटर वेनमो (अमेरिका का एक पेमेंट ऐप), अन्य लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों, यूपीआई और क्रिप्टोकरेंसी जैसे डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म के जरिए भुगतान प्राप्त कर रहे थे. यह भी पता चला है कि उन्होंने पैसे (कमीशन) लेने के लिए हवाला चैनलों का इस्तेमाल किया है. ड्रग तस्करी से होने वाली कमाई का पता लगाने और इसके लाभार्थियों की पहचान करने के लिए पैसों के लेन-देन की जांच की जा रही है.

जांच के दायरे में आया सप्लाई और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क संयुक्त राज्य अमेरिका के भीतर काम कर रहा था, लेकिन India में गिरफ्तार व्यक्ति के पास मौजूद रिकॉर्ड में मिले डिजिटल डेटा और दवाओं के ब्रांडों से संकेत मिलते हैं कि ये पदार्थ संभवतः कई देशों से मंगाए जा रहे थे. इन पदार्थों के सटीक स्रोत, इन्हें हासिल करने के तरीकों और इनके अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आवागमन की जांच की जा रही है.

–

ओपी/एएस