‘अबू धाबी टी10’ लीग शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं: अरेबियन एसेस कोच लांस क्लूजनर

New Delhi, 1 अक्टूबर . अरेबियन एसेस के हेड कोच लांस क्लूजनर का कहना है कि उनकी टीम की अबू धाबी टी10 लीग में धमाकेदार एंट्री होगी और इस लीग में खिलाड़ियों की कड़ी परीक्षा होगी. अबू धाबी टी10 लीग 7 नवंबर से 20 नवंबर तक खेली जानी है.

Wednesday को हुए ड्राफ्ट में अरेबियन एसेस ने सैम बिलिंग्स, इमरान ताहिर और रिचर्ड ग्लीसन जैसे खिलाड़ियों को शामिल कर अपनी टीम को मजबूत किया है. टीम ने मोईन अली, आंद्रे रसेल और लियाम लिविंगस्टन को पहले ही साइन कर लिया था.

लांस क्लूजनर ने कहा, “हमेशा से यही योजना थी कि ऐसी टीम बनाई जाए जो ओपनिंग में भी अच्छा काम करे और जरूरत पड़ने पर गेंद से भी मैच जिता सके. टी10 एक धमाकेदार फॉर्मेट है और इन खिलाड़ियों ने पहले कभी ऐसा कुछ नहीं खेला है. इसके लिए नए आइडिया और मुश्किलों को सुलझाने की काबिलियत की जरूरत होती है. मुझे भरोसा है कि हमारी टीम में ऐसे खिलाड़ी हैं जो आगे बढ़कर अरेबियन एसेस के लिए अच्छा प्रदर्शन करेंगे. टी10 फॉर्मेट में सफल होने के लिए यह एक बेहतरीन फॉर्मूला है. हम टूर्नामेंट शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.”

टीम के मालिक पंकज जैन और नीरज जैन ने अबू धाबी लीग में टीम उतारने के अपने मकसद के बारे में बात की.

उन्होंने कहा, “अरेबियन एसेस हमारे लिए एक रोमांचक नया अध्याय है. टूर्नामेंट के विकास के इस अहम पड़ाव पर अबू धाबी टी10 से जुड़कर हमें बहुत खुशी हो रही है. हमारा मकसद एक ऐसी प्रोफेशनल फ्रेंचाइजी बनाना है जिसकी अपनी एक मजबूत पहचान हो और जिसका कल्चर परफॉर्मेंस, महत्वाकांक्षा और टीमवर्क पर आधारित हो. ड्राफ्ट में चुने गए खिलाड़ियों से हम बहुत खुश हैं. लांस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए जाने जाते हैं और हमें खुशी है कि वे अरेबियन एसेस के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ काम कर पाएंगे.”

फ्रेंचाइजी के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर शोएब अहमद ने कहा, “हमने जो टीम बनाई है, उससे हम खुश हैं. हमारे पास कुछ बेहतरीन टैलेंट हैं जो लीग में धूम मचा देंगे और कुछ बहुत होनहार खिलाड़ी भी हैं जो भविष्य के सुपरस्टार बनेंगे. युवा खिलाड़ियों के लिए मोईन अली, आंद्रे रसेल और लियाम लिविंगस्टोन जैसे खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का यह एक शानदार मौका है.”

अरेबियन एसेस की टीम: मोईन अली (कप्तान), आंद्रे रसेल, लियाम लिविंगस्टोन, अलीशान शराफू, मुहम्मद अरफान, टॉम कोहलर-कैडमोर, रिचर्ड ग्लीसन, सैम बिलिंग्स, पॉल वाल्टर, अल्जारी जोसेफ, इमरान ताहिर, सलमान इरशाद, क्वेंटिन सैम्पसन, ड्वेन प्रिटोरियस, वृत्या अरविंद, इब्राहिम मसूद, अम्शी डी’सिल्वा, डुनिथ वेलालेज.

–

पीएके