
काबुल, 22 नवंबर . अफगानिस्तान के उत्तरी प्रांत कुंदुज में Police ने ड्रग्स तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए लगभग एक टन अवैध नशीले पदार्थ जब्त किए हैं.
गृह मंत्रालय के बयान के अनुसार, आरोपी इन नशीले पदार्थों को पड़ोसी प्रांत तखार ले जाने की कोशिश कर रहा था. वहां से इन्हें किसी अज्ञात जगह पहुंचाने की योजना थी.
सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, प्रांतीय Police प्रवक्ता मुल्ला असदुल्लाह जमशीद ने बताया कि 11 नवंबर को अफगान अधिकारियों ने दक्षिणी प्रांत कंधार में 53 टन से अधिक अवैध ड्रग्स को नष्ट कर दिया था. नष्ट किए गए नशीले पदार्थों में अफीम, हेरोइन, मेथामफेटामाइन, चरस और ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य अवैध सामग्री शामिल थी. इन्हें पिछले तीन महीनों में विभिन्न जिलों में चलाए गए अभियानों के दौरान जब्त किया गया था.
इन ड्रग्स को सरकारी अधिकारियों और स्थानीय आदिवासी बुजुर्गों की मौजूदगी में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में जलाया गया. जमशीद ने बताया कि इसी अवधि के दौरान ड्रग्स तस्करी में शामिल होने के आरोप में 227 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया.उन्होंने चेतावनी दी कि प्रांत में अवैध ड्रग्स के उत्पादन और तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
इससे पहले एक नवंबर को एक स्थानीय Police अधिकारी ने बताया था कि अफगान सुरक्षा बलों ने पश्चिमी प्रांत घोर में हेरोइन बनाने वाली आठ गुप्त प्रयोगशालाओं (लैब) को नष्ट कर दिया और 17 संदिग्ध ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया.
प्रांतीय Police प्रवक्ता मौलवी अब्दुल रहमान बदरी ने बताया कि खुफिया जानकारी और गुप्त सूचना के आधार पर नशीले पदार्थों के खिलाफ काम करने वाली इकाइयों ने चहारसादा जिले के बाहरी इलाके में एक विशेष छापेमारी की. इस दौरान उन्होंने इन प्रयोगशालाओं को नष्ट कर दिया और हेरोइन बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायनों और अवैध नशीले पदार्थों की भारी मात्रा जब्त की.
प्रांतीय Police प्रवक्ता मौलवी अब्दुल रहमान बदरी ने बताया कि सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उनके मामले न्यायिक अधिकारियों को सौंप दिए गए हैं.
यह कार्रवाई पूरे देश में चलाए जा रहे ड्रग्स विरोधी अभियान का हिस्सा है. इस अभियान के तहत तस्करों, अवैध खेती करने वालों और ड्रग्स उत्पादन से जुड़े नेटवर्क पर कार्रवाई की जा रही है, ताकि अफगानिस्तान की अवैध नशीले पदार्थों की अर्थव्यवस्था को खत्म किया जा सके.
–
एवाई/
Skip to content