‘अगर उनके यहां बम फटा, तो हमारा उससे तेज होना चाहिए’, अमिताभ बच्चन ने सुनाया किस्सा

Mumbai , 24 अक्टूबर . देशभर में दिवाली के लिए लोगों में उत्साह दिख रहा है. बाजारों में भीड़ बढ़ने लगी है. इस बीच एक्टर अमिताभ बच्चन ने दिवाली से जुड़ी अपने बचपन की यादें शेयर की हैं. उन्होंने बताया कि उस दौर में पटाखे जलाने का उत्साह अक्सर पड़ोसियों के साथ एक दोस्ताना मुकाबले में बदल जाता था.

अपनी आगामी फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ के प्रमोशन के लिए Actor रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के दिवाली स्पेशल एपिसोड में पहुंचे. बातचीत के दौरान अमिताभ बच्चन ने बचपन की दिवाली का एक दिलचस्प किस्सा सुनाया.

रणबीर कपूर ने बिग बी से पूछा, “अमिताभ जी, आपको बचपन की दिवाली की कोई याद है?” इस पर अमिताभ बच्चन ने मुस्कुराते हुए कहा, “दिवाली की बस यही याद रहती थी कि अगर बगल वाले के यहां बम फटा है, तो हमारा बम उससे ज्यादा तेज होना चाहिए.”

उनके इस जवाब ने सेट पर मौजूद सभी लोगों को हंसा दिया. बिग बी के इस किस्से ने उन दिनों की यादें भी ताजा कर दीं, जब बच्चों के बीच पटाखों को लेकर अलग ही उत्साह देखने को मिलता था.

शो में कलाकारों ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ का भी प्रमोशन किया. निर्देशक नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 5 नवंबर को दुनियाभर में रिलीज होगी.

नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज, आठ बार ऑस्कर विजेता वीएफएक्स कंपनी डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के सहयोग से बन रही ‘रामायण’ को दो भागों में तैयार किया गया है. इसका दूसरा भाग दिवाली 2027 पर रिलीज होगा.

भारतीय पौराणिक कथा पर आधारित इस फिल्म में भव्य विजुअल इफेक्ट्स का इस्तेमाल किया गया है. फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान और हैंस जिमर ने तैयार किया है. यह फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज की जाएगी.

फिल्म को आईमैक्स फॉर्मेट में भी प्रदर्शित किया जाएगा. इसके वैश्विक वितरण की जिम्मेदारी सोनी पिक्चर्स संभालेगी, जबकि हिंदी भाषी बाजार में धर्मा प्रोडक्शंस इसे वितरित करेगा.

‘कौन बनेगा करोड़पति’ का दिवाली स्पेशल एपिसोड 29 और 30 अक्टूबर को सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित होगा.

–