अखिलेश-राहुल पर बरसे भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह, राजीव गांधी फाउंडेशन की विदेशी फंडिंग को लेकर उठाए सवाल

New Delhi, 7 नवंबर . भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता आरपी सिंह ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि दोनों युवराज परिवार से आगे नहीं सोचते. अखिलेश यादव खुद को कृष्ण भगवान के बराबर समझने लगे हैं, जबकि राहुल गांधी संसद में बहस से भागकर सड़कों पर प्रपंच रच रहे हैं.

भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा, “नितिन नवीन ने बिल्कुल ठीक बोला. ये दोनों युवराज अपने परिवार के आगे नहीं सोचते. परिवार के आगे इनकी कोई चिंता भी नहीं है. सब कुछ परिवार तक ही सीमित है, चाहे वह अखिलेश यादव हों या राहुल गांधी हों.”

सपा प्रमुख को घेरते हुए उन्होंने कहा कि आजकल अखिलेश यादव सनातन की बात करते हैं. वे अपने आप को कृष्ण भगवान के बराबर समझते है तो क्या अब ये नए सनातनी हैं? इसलिए इन्होंने टोपी पहनना भी बंद कर दिया है, परंतु सबको पता है कि इनका डीएनए क्या है.

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राजीव गांधी फाउंडेशन की फंडिंग विदेशों से होती रही है. ऐसे लोगों और संस्थाओं से भी फंडिंग हुई है, जिन पर सवाल उठते रहे हैं. यहां तक कि चीनी दूतावास द्वारा भी राजीव गांधी फाउंडेशन को धन दिए जाने की बातें सामने आई हैं.

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक नया प्रपंच रचने की कोशिश कर रहे हैं. वे इसे डिबेट का नाम दे रहे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि संसद में बहस करने को तैयार नहीं हैं और संसद के मुद्दों को सड़कों पर ले जाते हैं. जो काम संसद में होना चाहिए, वह बाहर करते हैं.

पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि हमारी तरफ से पूरी 117 सीटों पर तैयारी है. भारतीय जनता पार्टी का संगठन पन्ना प्रमुख स्तर तक काम कर रहा है. बाकी गठबंधन की बात है, ऊपर के नेता जब चाहेंगे तब चर्चा करेंगे, लेकिन हमारी तैयारी 117 सीटों पर पूरी और पक्की है.

एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सोनिया गांधी आधा सच बता रही हैं, वो संवैधानिक नहीं, असंवैधानिक तरीके से कोर्ट के फैसले के खिलाफ जाकर किया गया था. इन्होंने डेढ़ लाख लोगों को जेल में डाला था और लोगों की जबरदस्ती नसबंदी के आरोप भी लगे. सबको पता है कि किस तरह से प्रेस की अभिव्यक्ति पर कुठाराघात किया था. लोग आज भी इन घटनाओं को भूले नहीं हैं. सब जानते हैं कि उस समय प्रेस की स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति की आजादी पर भी गंभीर प्रहार हुआ था.

आरपी सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने भी एक ट्वीट किया था, जिसमें पेट्रोल चोरी का आरोप लगाया गया लेकिन मैं कहूंगा कि निराधार आरोप लगाने की बजाय मुकदमा दर्ज कराना चाहिए. कर्नाटक में आपकी Government है. यदि कोई पेट्रोल पंप डिस्ट्रीब्यूटर या एजेंट गलत पेट्रोल बेच रहा है या मिलावट कर रहा है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है. आपकी Government को पूरा अधिकार है.

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव प्रायश्चित करने जा रहे हैं, यह अच्छी बात है. राम मंदिर जाकर उन्हें अपने पिता और अपने अन्य नेताओं द्वारा रामभक्तों पर गोली चलाने की घटनाओं के लिए प्रायश्चित करना चाहिए. अब समय बदल चुका है. अब तो राम मंदिर अवश्य जाएंगे और जाना भी चाहिए.

–